Colombia Earthquake: पश्चिमी कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से भारी तबाही हुई। कम से कम 20 लोगों की मौत और कई इमारतों के ढहने की खबर है।
Colombia Earthquake: पश्चिमी कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से भारी तबाही हुई।
- Published: 10 Aug 2026, 09:04 PM IST
- Last Updated: 10 Aug 2026, 09:14 PM IST
बोगोटा: पश्चिमी कोलंबिया में सोमवार को 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से भारी तबाही मच गई। भूकंप में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं और दर्जनों इमारतें ढह गई हैं। तेज झटकों के कारण लोगों में दहशत फैल गई और कोलंबिया के कई शहरों में लोगों को अपने घरों और इमारतों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। भूकंप के झटके राजधानी बोगोटा के अलावा पड़ोसी देश इक्वाडोर तक महसूस किए गए।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र चोको क्षेत्र के San José del Palmar के पास था। भूकंप 107 किलोमीटर की गहराई में आया था। तेज झटकों के बाद कई इलाकों में इमारतों के ढहने और लोगों के मलबे में फंसने की खबरें सामने आई हैं। प्रशासन ने संभावित आफ्टरशॉक्स को देखते हुए लोगों को क्षतिग्रस्त इमारतों में वापस नहीं जाने की चेतावनी दी है।
कोलंबिया भूकंप वीडियो
7.4 तीव्रता के भूकंप के बीच कोलंबिया के परेरा हवाई अड्डे के दृश्य।
भूकंप के झटकों के बीच गिर गई चर्च की इमारत
भूकंप से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें तेज झटकों के बीच एक चर्च की इमारत गिरती हुई दिखाई दे रही है। वीडियो में जमीन के जोरदार तरीके से हिलने के दौरान लोग एक-दूसरे को पकड़े नजर आते हैं।
कुछ क्षणों के लिए झटकों की तीव्रता कम होती दिखाई देती है, लेकिन इसके बाद दोबारा तेज कंपन शुरू हो जाता है। इसी दौरान पीछे दिखाई दे रही चर्च की इमारत का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर जाता है।
Strong earthquake tremors were felt in #Pereira, Colombia, as the ground shook and residents were left frightened. 🌎#Temblor pic.twitter.com/Q5pS11KtI4
— Mahrosh Pervaiz (@MahroshPervaiz1) August 10, 2026
इमारत के मलबे के जमीन पर गिरते ही पूरे इलाके में धूल का गुबार फैल जाता है। आसपास मौजूद लोग भी तेज झटकों के बीच खुद को संभालते हुए दिखाई देते हैं।
कई शहरों में इमारतों को नुकसान
भूकंप का असर कोलंबिया के कई हिस्सों में देखा गया। कैली, पेरेइरा, मनीजालेस और क्विब्दो समेत कई शहरों में इमारतों को नुकसान पहुंचने की खबर है। कुछ स्थानों पर लोग इमारतों में फंस गए और राहत एवं बचाव दलों को मौके पर भेजा गया।
चोको की गवर्नर नूबिया कॉर्डोबा ने बताया कि क्षेत्रीय राजधानी क्विब्दो में लोग घायल हुए हैं और कई इमारतों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। प्रशासन की ओर से प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
इक्वाडोर तक महसूस किए गए झटके
7.4 तीव्रता के इस भूकंप के झटके कोलंबिया के बड़े हिस्से में महसूस किए गए। पड़ोसी इक्वाडोर तक भी इसका असर महसूस हुआ। कई शहरों में लोग एहतियातन इमारतों से बाहर निकल आए।
कुछ सप्ताह पहले वेनेजुएला में आए थे दो शक्तिशाली भूकंप
यह भूकंप ऐसे समय आया है जब जून में वेनेजुएला में 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप आए थे। इन दोनों भूकंपों के बाद बड़े पैमाने पर इमारतें क्षतिग्रस्त हुई थीं और राहत एवं बचाव अभियान लंबे समय तक चला। जुलाई में वेनेजुएला के अधिकारियों ने मृतकों की संख्या 5,069 तक पहुंचने की जानकारी दी थी।