Colombo Test: देवदत्त पडिक्कल का लगातार दूसरा शतक, पुजारा का 8 साल पुराना कमाल दोहराया

पडिक्कल ने लगातार दूसरे मैच में शतक लगायाImage Credit source: PTI

टीम में अपनी जगह पक्की करना सीखना है तो देवदत्त पडिक्कल से सीखा जा सकता है. टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज ने श्रीलंका दौरे पर टेस्ट सीरीज में चोट के कारण मिले मौके का भरपूर फायदा उठाया और लगातार दूसरा शतक ठोक दिया. गॉल टेस्ट मैच में अपना पहला शतक जमाने के बाद पडिक्कल ने कोलंबो में दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन भी शतक जमा दिया. इसके साथ ही टेस्ट टीम में नंबर-3 की पोजिशन पर उन्होंने अपनी जगह लंबे वक्त के लिए पक्की कर ली है. इस तरह करीब 8 साल बाद किसी भारतीय बल्लेबाज ने नंबर-3 पर आकर विदेश में लगातार 2 शतक लगाए हैं.

शुरू में ही मिले जीवनदान

कोलंबो में 23 अगस्त से भारत-श्रीलंका के बीच शुरू हुए दूसरे टेस्ट मैच के पहले ही दिन देवदत्त पडिक्कल ने अपने बल्ले का कमाल दिखाया. 15 अगस्त को गॉल में पहले टेस्ट मैच के पहले दिन भी देवदत्त पडिक्कल ने शतक लगाया था, जो उनके टेस्ट करियर का पहला ही शतक था. यही कमाल उन्होंने कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब (SSC) मैदान पर भी दोहराया, जहां एक बार फिर श्रीलंकाई गेंदबाजों के पास पडिक्कल की बल्लेबाजी का कोई जवाब नहीं था. हालांकि, 0 और 1 के स्कोर पर पडिक्कल को जीवनदान मिले लेकिन फिर वो नहीं रुके.

लगातार दूसरे शतक से दी श्रीलंका को सजा

11वें ओवर में ही पहला विकेट गिरने के बाद क्रीज पर उतरे पडिक्कल ने एक बार फिर अपने सधे हुए फुटवर्क और हाथों की पहुंच का बेहतरीन नजारा पेश किया. श्रीलंकाई तेज गेंदबाजों के शॉर्ट पिच गेंदों के हमले को आराम से पस्त करने का साथ ही स्पिनर्स को भी हावी होने का मौका नहीं दिया. दूसरे सेशन में ही पडिक्कल ने अपना अर्धशतक पूरा किया और कप्तान शुभमन गिल के साथ शतकीय साझेदारी की. फिर तीसरे सेशन में जब रवींद्र जडेजा का साथ मिला तो पडिक्कल ने एक बेहतरीन शतक पूरा किया. उन्होंने 168 गेंदों में अपनी लगातार दूसरा टेस्ट शतक जमाया, जिसमें 10 चौके शामिल थे. पडिक्कल आखिर में 117 रन बनाकर आउट हुए.

8 साल बाद किसी ने किया ऐसा

इसके साथ ही पडिक्कल ने वो कमाल कर दिया, जो तीसरे नंबर पर पिछले करीब 8 साल से अन्य कोई बल्लेबाज नहीं कर सका था. चेतेश्वर पुजारा के बाद पिछले 8 साल में पडिक्कल पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए, जिसने नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए विदेश में लगातार 2 टेस्ट मैच में शतक जमाए. पुजारा ने 2018-19 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर ये कमाल किया था. उसके बाद से खुद पुजारा इस सफलता को नहीं दोहरा सके थे. पडिक्कल ने अब इन 2 शतकों से पुजारा के उत्तराधिकारी के रूप में अपनी जगह पक्की कर ली है.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button