CPL 2026: पॉइंट्स टेबल की ‘बाजीगर’ बनी ये टीम, बारबडोस से हारकर भी जीता प्लेऑफ का टिकट

गुडकेश मोती ने आखिरी ओवर में टीम को जीत दिलाईImage Credit source: CPL

जीतने वाली टीम किसी टूर्नामेंट के अगले राउंड में पहुंचे, ये तो स्वाभाविक बात है. मगर उसी मैच को हारने वाली टीम भी अगरे अगले दौर में पहुंचे तो ये हैरान करने वाला ही है. मगर कैरेबियन प्रीमियर लीग के एक मैच का नतीजा कुछ ऐसा ही रहा, जहां मैच जीतने वाली बारबडोस ट्राइडेन्ट्स ने प्लेऑफ में जगह बनाई. वहीं इस मुकाबले में हार के बावजूद जमैका किंग्समैन भी अगले राउंड में पहुंच गई. मगर ये हुआ कैसे? चलिए बताते हैं.

गुडकेश मोती का ऑलराउंड प्रदर्शन

ब्रिजटाउन में शनिवार 12 सितंबर को खेले गए CPL 2026 के 34वें मैच में बारबडोस ने बिल्कुल आखिरी गेंद पर जीत हासिल की, वो भी जब सिर्फ 2 विकेट बचे थे. इस मैच में जमैका ने पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 150 रन बनाए. जमैका के लिए पाकिस्तानी ओपनर माज सदाकत ने 47 रन की पारी खेली, जबकि गुडकेश मोती ने सिर्फ 7 रन देकर 2 विकेट लिए.

वहीं बारबडोस ने अपनी पारी के दौरान सिर्फ 76 रन तक 5 विकेट गंवा दिए थे, जबकि 107 रन के स्कोर पर छठा विकेट भी गिर गया था. आखिरी 23 गेंदों में टीम को 44 रन की जरूरत थी. कप्तान क्रिस ग्रीन ने टीम को 134 रन तक पहुंचाया, जब वो आउट हुए. आखिरी ओवर में 17 रन की जरूरत थी और गुडकेश मोती क्रीज पर थे. उन्होंने 20वें ओवर में छक्का और एक चौका जमाया, जबकि 2 वाइड बॉल से भी टीम को मदद मिली. आखिरी गेंद पर 1 रन लेकर मोती (17 नाबाद) ने टीम को जीत दिलाई.

MOTIE MAGIC!!!✨

Gudakesh Motie delivers the goods to seal a playoff spot for the Tridents!🇧🇧 x 🇯🇲#CPL26 #BTvJKM #BiggestPartyInSport pic.twitter.com/ivTloMi0Kl

— CPL T20 (@CPL) September 13, 2026

हारकर भी क्यों आगे बढ़ी जमैका?

इस जीत के साथ ही बारबडोस के 9 मैच से 10 पॉइंट हो गए और टीम प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने में सफल रही. क्रिस ग्रीन की कप्तानी वाली टीम टेबल में तीसरे स्थान पर है और उसका एक मैच बाकी है. वहीं हार के बावजूद जमैका भी प्लेऑफ में पहुंच गई. उसके 10 मैच से 8 पॉइंट हैं. वहीं 10 मैच में 8 पॉइंट्स वाली सेंट लूसिया किंग्स बाहर हो गई. ऐसा इसलिए क्योंकि नेट रनरेट के मामले में जमैका (-0.085) ने सेंट लूसिया (-0.887) पर बढ़त हासिल की. अगर जमैका ये मैच बड़े अंतर से हारती तो सेंट लूसिया को फायदा हो सकता था लेकिन हार में भी जमैका ने जीत ढूंढ़ ली.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button