रोहतक के बहुअकबरपुर गांव में CRPF के हेड कॉन्स्टेबल सोमबीर ने जिस चाकू से पत्नी मनीषा (36) की हत्या की, वह उसे CRPF की ओर से मिला था। जवानों को यह चाकू जंगल में सुरक्षा और पेड़ों की टहनियां काटने के लिए दिया जाता है। चाकू मनीषा की छाती में करीब 6-7 इ
.
पुलिस का कहना है कि 23 अक्टूबर को नए घर में सजवाट की बात पर हुए झगड़े के दौरान सोमबीर ने मनीषा को चाकू मार दिया था। उस समय बड़ी बेटी भी पास में ही थी। हालांकि, मनीषा के भाई को पुलिस की इस थ्योरी पर विश्वास नहीं है। उसका कहना है कि इतनी छोटी बात पर हत्या नहीं हो सकती। 25 अक्टूबर को पुलिस ने सोमबीर को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने 25 अक्टूबर को सोमबीर को गिरफ्तार किया था। वह चार दिन के रिमांड पर है।
घर की सजावट पर विवाद की बात कह रही पुलिस
सोमबीर 21 अक्टूबर को 15 दिन की कैजुअल लीव (CL) लेकर घर आया था। उसे अपने नए मकान में दरवाजे और सजावट का काम करवाना था। 23 अक्टूबर को घर पर सोमबीर, पत्नी मनीषा, मां कमलेश और बड़ी बेटी अनीशा मौजूद थीं। इसी दौरान सोमबीर और मनीषा के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। आरोप है कि सोमबीर ने भागते हुए मनीषा को सीढ़ियों पर चाकू मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे घर की सजावट को लेकर हुए मामूली विवाद की बात कह रही है। हालांकि, पति-पत्नी के बीच झगड़ा किस बात पर हुआ था, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
झगड़े की वजह पर बड़ी बेटी की चुप्पी
23 अक्टूबर की शाम सोमबीर और मनीषा के बीच हुए झगड़े की वजह के बारे में सोमबीर, उसकी मां कमलेश और बड़ी बेटी अनीशा को जानकारी है। हालांकि, अनीशा ने इस बारे में चुप्पी साध रखी है, जबकि सोमबीर और उसकी मां इसे मामूली विवाद बता रहे हैं। झगड़े की असल वजह अभी सामने नहीं आई है।

मनीषा के छाती में चाकू मारा गया था। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उसके चेहरे पर भी खून लगा हुआ था।
भाई बोला- सास-बहू के बीच होता था विवाद
मनीषा की शादी वर्ष 2009 में सोमबीर से हुई थी। उनकी दो बेटियां हैं- बड़ी बेटी अनीशा (16) और छोटी बेटी चक्सु (12) की है। मनीषा अपनी बेटियों के साथ सास कमलेश और देवर मोनू से अलग किराए के मकान में रहती थी। उसका अपना मकान भी गांव में दूसरी जगह बन रहा था।
मनीषा के भाई नरेंद्र का आरोप है कि बेटा नहीं होने पर सास कमलेश उसकी बहन को ताने देती थी और सोमबीर की दूसरी शादी कराने की बात कहती थी। इसी बात को लेकर सास और देवर से अक्सर झगड़ा होता था। विवादों से परेशान होकर मनीषा करीब एक साल मायके में भी रही थी। बाद में परिवार के परेशान न करने के आश्वासन पर वह ससुराल लौट आई थी।
आरोपी पति 4 दिन के पुलिस रिमांड पर
बहुअकबरपुर थाना प्रभारी जसबीर ने बताया कि मनीषा की हत्या के आरोपी पति सोमबीर को गिरफ्तार कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 103(1), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)(b) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर रही है।