खगड़िया में 2 अगस्त की देर रात 85 साल की वृद्ध महिला की जलकर मौत हो गई थी। महिला का अधजला शव उसके छोटे बेटे के दरवाजे पर रखी एक चौकी पर मिला था। घटना के 2 दिन बाद मंगलवार को पुलिस ने महिला के 2 बेटों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के आरोप में
.
पुलिस की प्रारंभिक जांच में नौ कट्ठा जमीन का पारिवारिक विवाद हत्या की मुख्य वजह मानी जा रही है। घटना के बाद नामजद दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
घटना परबत्ता थाना क्षेत्र के सलारपुर गांव की है। मृतका की पहचान स्वर्गीय सौदागर सिंह की पत्नी वीणा देवी(85) के रूप में हुई है।
प्लास्टिक पर पड़ा मिला अधजला शव
पुलिस ने बताया कि 2 अगस्त की रात लगभग 2:45 बजे डायल-112 पर सूचना मिली थी कि सलारपुर निवासी वीणा देवी के शरीर में आग लग गई है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रात करीब 3:30 बजे संजय कुमार शास्त्री के घर के दालान के बाहर प्लास्टिक पर पड़ा एक अधजला शव बरामद किया। बाद में शव की पहचान वीणा देवी के रूप में हुई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने FSL टीम से जांच कराई। एफएसएल जांच के दौरान कई ऐसे तथ्य सामने आए, जिनसे पुलिस को संदेह है कि महिला की मौत पहले ही हो चुकी थी। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को आग के हवाले किया गया।
पुलिस ने बताया कि मृतका के शरीर का अधिकांश हिस्सा जला हुआ था, जबकि कोहनी का हिस्सा पूरी तरह सुरक्षित था, जिससे यह आशंका प्रबल हुई कि आग मौत के बाद लगाई गई थी।
महिला के बड़े और छोटे बेटे पर FIR दर्ज
थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने जानकारी दी कि मृतका के बेटों मनोज कुमार सिंह और संजय कुमार शास्त्री उर्फ पप्पू सिंह के बीच करीब नौ कट्ठा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस इसी जमीन विवाद को हत्या का संभावित कारण मानकर अपनी जांच आगे बढ़ा रही है।
इस मामले में मनोज कुमार सिंह, संजय कुमार शास्त्री उर्फ पप्पू सिंह और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। ग्रामीणों के अनुसार, वीणा देवी के तीन बेटे हैं- मनोज सिंह, अनुज सिंह और संजय सिंह। तीनों भाइयों के बीच गांव और शहर की करीब नौ कट्ठा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
घटनास्थल की तस्वीरें…..

पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है।

मौके पर जांच कर रही पुलिस।

चौकी पर महिला का शव जला मिला है।

मौके पर लोगों की भीड़।
बड़ा बेटा DAV स्कूल में टीचर है
मृतका के बड़े बेटे मनोज कुमार पिछले लगभग 7–8 सालों से खगड़िया स्थित DAV स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। वह अपने पूरे परिवार के साथ खगड़िया शहर में रहते हैं।
वहीं दूसरा बेटा अनुज सिंह गांव में ही रहता था। उसकी पत्नी कुछ साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी। अनुज सिंह पहले से ही परबत्ता अंचलाधिकारी के साथ मारपीट के एक मामले में जेल में बंद हैं।
वहीं महिला का तीसरा सबसे छोटा बेटा संजय कुमार शास्त्री उर्फ पप्पू अपने परिवार के साथ गांव में रहता है। वह बाजार में सब्जी का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है।
घटना वाली रात मृतका वीणा देवी खाना खाने के बाद सोने चली गई थीं। देर रात आग लगने की सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

मृतका का दूसरा बेटा अनुज सिंह जेल में बंद है।
मां के बोलने पर कमरे में सोने गया था छोटा बेटा
इसके बाद दोनों भाइयों ने एक-दूसरे पर मां की हत्या का आरोप लगाने लगे। मृतका के छोटे बेटे संजय शास्त्री उर्फ पप्पू सिंह ने अपने बड़े भाई मनोज सिंह पर हत्या का आरोप लगाया है।
उन्होंने ने बताया कि शनिवार की रात 10 बजे मैं चौकी पर लेटकर फोन में फिल्म देख रहा था। मां मेरे पास आई और बोली की अंदर कमरे में जाकर सो जाओ। मैंने जब कारण पूछा तो उसने कहा कुछ पता चला है, तुम्हें बचने के लिए बोल रही हूं।
इसके बाद मैं कमरे में जाकर सो गया। रात करीब ढाई बजे तेज धुआं उठने पर मैं जगकर बाहर आया तो मां की बॉडी जल रही थी। लेकिन वो चिल्ला नहीं रही थी।
पप्पू सिंह ने बताया कि मेरे बड़े भाई ने धोखे से मेरा जमीन अपने नाम करवा लिया है। इसके लिए मैंने शिकायत की थी, 11 अगस्त को हमको फिंगर प्रिंट जांच के लिए पटना जाना था। मुझे फसाने की कोशिश की जा रही थी।
बड़े भाई ने छोटे पर मारपीट करने का लगाया आरोप
बड़े बेटे मनोज सिंह ने बताया कि मेरा छोटा भाई पप्पू सिंह मां के साथ मारपीट करता था। अप्रैल में भी उसने मां को मारा था, जिसके बाद थाने में शिकायत भी किया गया था। इससे पहले उसने मछले भाई और पापा के खाने में जहर मिलाकर दिया था। सुबह 4 बजे मुझे बहन ने फोन कर घटना की जानकारी दी।
परबत्ता थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि वीणा देवी हत्या मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एफएसएल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और जल्द मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।