DDA Roshanara Club: BCCI के जन्मस्थान का हिस्सा बनने का बड़ा मौका, देनी होगी लाखों में फीस

डीडीए रोशनआरा क्लब की लाइफटाइम मेंबरशिप का मौका. (फोटो-X)

DDA Roshanara Club: दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के निर्देशों के तहत दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ऐतिहासिक डीडीए रोशनआरा क्लब की लाइफटाइम मेंबरशिप खोलने जा रहा है. खेल फैंस और दिल्लीवासियों के लिए कुल 750 सीटों पर यह मेंबरशिप स्कीम शुरू की जा रही है, जिसके जरिए 22 एकड़ में फैले इस ऐतिहासिक क्लब की वर्ल्ड-क्लास स्पोर्ट्स, फिटनेस और सोशल क्लब हाउस सुविधाओं का लाभ उठाया जा सकेगा.

BCCI का जन्मस्थान रहा है रोशनआरा क्लब

100 साल से भी ज्यादा पुराना रोशनआरा क्लब भारतीय क्रिकेट के इतिहास का अहम गवाह रहा है. साल 1928 में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की स्थापना एक सोसाइटी के रूप में इसी क्लब में हुई थी. 1931 में भारत और इंग्लैंड के बीच पहला प्रैक्टिस मैच और कई ऐतिहासिक रणजी ट्रॉफी मैच इसी मैदान पर खेले गए थे. डीडीए ने 29 सितंबर 2023 को इसका आधिकारिक अधिग्रहण किया था और अब इसे आधुनिक सुविधाओं के साथ नए सिरे से प्रस्तुत किया जा रहा है.

मेंबरशिप के लिए कितना पैसा खर्च करना होगा?

डीडीए ने मेंबरशिप को दो कैटेगरी में बांटा है. आम नागरिकों और प्राइवेट सेक्टर के लोगों के लिए कुल 400 सीटें रखी गई हैं. इसके लिए मेंबरशिप फीस 12.50 लाख रुपए + GST तय की गई है. वहीं, सरकारी और सार्वजनिक उपक्रमों के कर्मचारियों के लिए 350 सीटें आरक्षित हैं. इसकी फीस 4.00 लाख रुपए + GST रखी गई है. इच्छुक आवेदक 28 अगस्त 2026 की रात 12:00 बजे से लेकर 27 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे तक सिर्फ डीडीए के आधिकारिक पोर्टल के जरिए से ऑनलाइन आवेदन और फीस जमा कर सकते हैं.

वर्ल्ड क्लास स्पोर्ट्स, फिटनेस और सोशल सुविधाएं

22 एकड़ के हरे-भरे परिसर में सदस्यों को वर्ल्ड क्लास सुविधाएं मिलेंगी.

  • खेल सुविधाएं: मेन क्रिकेट पिच और प्रैक्टिस पिच, टेनिस, बैडमिंटन, स्क्वॉश, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, पिकलबॉल, बिलियर्ड्स और कार्ड रूम.
  • फिटनेस और स्विमिंग: स्विमिंग पूल, बच्चों के लिए टॉडलर पूल, मल्टी-जिम, वेलनेस-फिटनेस सेंटर और योग क्लासेस.
  • कोचिंग और इवेंट्स: योग्य प्रशिक्षकों की ओर से कोचिंग और टूर्नामेंट्स-कॉरपोरेट आयोजनों के लिए ग्राउंड बुकिंग सुविधा.
  • क्लब हाउस: लाउंज, रेस्टोरेंट, कैफे, डाइनिंग एरिया, बार, बैंक्वेट हॉल और किड्स जोन.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button