Sep 03, 2026 06:23 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली।

गडकरी ने राजमार्ग और खनन परियोजनाओं में लगे ड्राइवरों, निर्माण श्रमिकों और उच्च जोखिम वाले कर्मचारियों के लिए सुरक्षा (Suraksha) नाम से एक पायलट कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी।
आपको पास बाइक या स्कूटी है? आप भी हर दिन खूब कमाई कर सकते हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राज्यों से अपील की है कि वे निजी दोपहिया बाइक और स्कूटर मालिकों को बाइक टैक्सी सर्विस शुरू करने की अनुमति दें। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने इसकी मंजूरी दे दी है, लेकिन चूंकि परिवहन राज्यों का विषय है इसलिए कुछ राज्यों ने इसे अब तक लागू नहीं किया है। गडकरी के अनुसार, इस कदम से विशेष रूप से ग्रामीण इलाकों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और करीब 8 करोड़ लोगों को आजीविका का साधन मिल सकेगा।
सड़क सुरक्षा पर बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने मोटर वाहन अधिनियम में संशोधन की योजनाओं की जानकारी दी। गडकरी ने बताया कि बार-बार यातायात नियम तोड़ने वाले ड्राइवरों पर लगाम लगाने के लिए नेगेटिव पॉइंट सिस्टम तैयार किया गया है। हर बार नियम तोड़ने पर ड्राइवर के खाते में नेगेटिव पॉइंट जुड़ते जाएंगे। एक निश्चित सीमा से अधिक पॉइंट होने पर ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित या हमेशा के लिए रद्द कर दिया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य चालकों में जिम्मेदारी की भावना जगाना और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है।
ट्रक ड्राइवरों के लिए खास योजना
गडकरी ने राजमार्ग और खनन परियोजनाओं में लगे ड्राइवरों, निर्माण श्रमिकों और उच्च जोखिम वाले कर्मचारियों के लिए सुरक्षा (Suraksha) नाम से एक पायलट कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम के तहत चालकों और श्रमिकों की आंखों की मुफ्त जांच, सामान्य स्वास्थ्य जांच और परामर्श दिया जाएगा। यह प्रोजेक्ट महाराष्ट्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (NH-44) के नागपुर-कामठी पैच और चंद्रपुर के खनन बेल्ट के 150 किलोमीटर के दायरे में लागू किया जा रहा है। इसके तहत शुरुआती चरण में 10,000 लोगों को कवर करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसे आगे बढ़ाकर 10 लाख चालकों व श्रमिकों तक ले जाया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने जोर देकर कहा कि चालकों का बेहतर स्वास्थ्य, विशेष रूप से उनकी दृष्टि (आईसाइट), सड़क सुरक्षा के लिए सीधा और बेहद महत्वपूर्ण कारक है।