बिहार के खगड़िया में पैसों के लेन-देन को लेकर चाचा और भतीजे की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने बाप-बेटे समेत 3 लोगों को हिरासत में लिया है।

Bihar double murder, Khagaria crime news

बिहार के खगड़िया में पैसों के लेन-देन को लेकर चाचा और भतीजे की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई है।

  • Published: 04 Sep 2026, 04:03 PM IST
  • Last Updated: 04 Sep 2026, 04:03 PM IST

Bihar double murder: बिहार के खगड़िया जिले में एक दर्दनाक वारदात से सनसनी फैल गई है। जिले के भरतखंड थाना क्षेत्र के खजरैठा गांव में बीती रात आपसी रंजिश के चलते दो युवकों की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। मरने वाले दोनों युवक रिश्ते में चाचा और भतीजे थे। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और जन्माष्टमी के त्योहार से ठीक पहले गांव में भारी तनाव का माहौल है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गांव में अपनी चौकसी और निगरानी काफी बढ़ा दी है।

लेन-देन के विवाद ने लिया खूनी रूप, परिजनों का आरोप
मृतकों की पहचान खजरैठा गांव के ही रहने वाले स्व. विनोद चौधरी के 23 वर्षीय बेटे गौरव कुमार और पप्पू चौधरी के 22 वर्षीय बेटे अंकुर कुमार के रूप में हुई है, जहां गौरव रिश्ते में अंकुर का चाचा लगता था। मृतक गौरव की मां सविता देवी ने गांव के ही पंकज चौधरी और उनके परिवार पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

परिजनों के मुताबिक, पंकज चौधरी के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। गुरुवार की सुबह इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोक भी हुई थी। हालांकि, मामले को शांत कराने के लिए पंचायत भी बुलाई गई थी और उस वक्त विवाद सुलझ गया था। लेकिन आरोप है कि इसी रंजिश के चलते बाद में बात इतनी बढ़ गई कि दोनों युवकों पर चाकू से हमला कर उनकी जान ले ली गई।

अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में हुई मौत
चाकूबाजी की इस भयानक घटना के तुरंत बाद घायल गौरव और अंकुर को स्थानीय परबत्ता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया। परिजन दोनों को लेकर बेगूसराय के लिए रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में पहले अंकुर और उसके बाद गौरव ने दम तोड़ दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक गौरव कुमार अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जिसकी मौत के बाद से उसके परिवार में कोहराम मच गया है और रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने तीन को लिया हिरासत में, विधायक ने की घटना की निंदा
बेगूसराय से शवों के लौटने के बाद पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। तनाव को देखते हुए पुलिस लगातार गांव में कैंप कर रही है। भरतखंड थानाध्यक्ष सावित्री कुमारी ने जानकारी दी है कि इस मामले में मुख्य आरोपी पंकज चौधरी, उनकी पत्नी और उनके बेटे समेत कुल तीन लोगों को हिरासत में ले लिया गया है, जिनसे पुलिस सख्ती से पूछताछ कर रही है।

दूसरी ओर, इस दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलने पर परबत्ता से लोजपा (LJP) विधायक बाबू लाल शौर्य तुरंत सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने इस वीभत्स हत्याकांड की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन को मामले की गहराई से निष्पक्ष जांच करने के सख्त निर्देश दिए हैं। विधायक ने कहा कि महज एक मामूली बात को लेकर इतनी बड़ी घटना को अंजाम दिया गया है, और उन्होंने पीड़ित परिवारों को उचित सुरक्षा व सरकारी सहायता प्रदान करने की पुरजोर मांग की है।