DTC Buses: दिल्ली की महिलाओं के लिए DTC ने मुफ्त बस यात्रा की सुविधा के लिए पिंक टिकट की अनिवार्यता की तारीख को बढ़ाकर 1 अक्टूबर कर दिया है। इससे पहले यह व्यवस्था 18 सितंबर से लागू होने वाली थी।
दिल्ली की महिलाओं के लिए DTC का अहम फैसला।
- Published: 18 Sep 2026, 01:06 PM IST
- Last Updated: 18 Sep 2026, 01:06 PM IST
DTC Buses: दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा से जुड़े नियमों में एक बार फिर बदलाव किया है। निगम ने ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ की अनिवार्यता की तारीख बढ़ाकर 1 अक्टूबर 2026 कर दी है। इससे पहले यह व्यवस्था 18 सितंबर से लागू होने वाली थी।
DTC के नए सर्कुलर के मुताबिक, अब 30 सितंबर 2026 तक पात्र महिला यात्री DTC और क्लस्टर बसों में पहले की तरह कागजी पिंक टिकट के जरिए मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। निगम ने यात्रियों की सुविधा और अधिक से अधिक महिलाओं को स्मार्ट कार्ड उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कागजी पिंक टिकट की व्यवस्था को 30 सितंबर तक बढ़ाने का फैसला किया है।
1 अक्टूबर से स्मार्ट कार्ड टैप करना होगा अनिवार्य
1 अक्टूबर 2026 से मुफ्त बस यात्रा का लाभ लेने के लिए पात्र महिला यात्रियों के पास वैध ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ होना जरूरी होगा। यात्रा के दौरान कार्ड को बस में लगी मशीन पर टैप करने के बाद ही मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। जिन महिला यात्रियों के पास वैध पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड नहीं होगा, उन्हें मुफ्त यात्रा का लाभ नहीं मिलेगा। ऐसी स्थिति में उन्हें सामान्य यात्री की तरह बस का टिकट लेना होगा और निर्धारित किराया चुकाना पड़ेगा।
कंडक्टरों और डिपो प्रबंधकों को निर्देश
उप-मुख्य महाप्रबंधक (परिचालन) आलोक कुमार द्वारा जारी सर्कुलर में सभी डिपो प्रबंधकों, बस परिचालकों और प्रवर्तन अमले को नए नियमों के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
डिपो प्रबंधकों से कहा गया है कि वे बस परिचालकों को नियमों की पूरी जानकारी दें, ताकि 30 सितंबर तक पात्र महिला यात्रियों को पुरानी व्यवस्था के तहत मुफ्त यात्रा से गलत तरीके से वंचित न किया जाए। इसके साथ ही बस चालकों और परिचालकों को महिला यात्रियों से विनम्रता से संवाद करने और उन्हें 1 अक्टूबर से स्मार्ट कार्ड अनिवार्य होने की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।
जागरूकता अभियान चलाएगा DTC
नए नियमों की जानकारी यात्रियों तक पहुंचाने के लिए DTC डिपो स्तर पर घोषणाओं, बसों में अनाउंसमेंट, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के साथ-साथ सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाएगा।
निगम ने पात्र महिला यात्रियों से अपील की है कि वे 1 अक्टूबर 2026 से पहले निर्धारित पिंक कार्ड वितरण केंद्रों से अपना ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ बनवा लें, ताकि नई व्यवस्था लागू होने के बाद मुफ्त यात्रा का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी न हो।