Aug 23, 2026 09:24 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
डीयू ने सीएसएएस यूजी स्पॉट राउंड 1 की खाली सीट लिस्ट जारी की है। 67 कॉलेजों में 13,433 सीटें खाली हैं इसके लिए आवेदन की आखिरी तारीख 24 अगस्त निर्धारित है।

दिल्ली यूनिवर्सिटी
DU Admission 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी में दाखिले का सफर अभी खत्म नहीं हुआ है। अगर आपने CUET क्लियर किया, CSAS पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन भी कराया, लेकिन अब तक किसी कॉलेज में सीट पक्की नहीं हो पाई, तो घबराने की जरूरत नहीं। यूनिवर्सिटी ऑफ दिल्ली ने अंडरग्रेजुएट कोर्सेज के लिए कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS UG) 2026-27 के तहत स्पॉट राउंड 1 की खाली सीटों की लिस्ट जारी कर दी है, और इस बार का आंकड़ा वाकई चौंकाने वाला है, पूरे 67 कॉलेजों में कुल 13,433 सीटें अब भी उम्मीदवारों का इंतजार कर रही हैं। जिन उम्मीदवारों ने अब तक किसी भी कॉलेज में दाखिला नहीं लिया है, वे अपने डैशबोर्ड के जरिए ऑफिशियल डीयू एडमिशन पोर्टल admission.uod.ac.in पर स्पॉट राउंड 1 के लिए आवेदन कर सकते हैं। लेकिन ध्यान रहे, समय बहुत कम बचा है, स्पॉट राउंड 1 का विकल्प चुनने की आखिरी तारीख 24 अगस्त 2026 रात 11:59 बजे तक ही है। यानी अगर आपने अभी तक अपना दाखिला पक्का नहीं किया है, तो यह मौका हाथ से जाने मत दीजिए।
किस कैटेगरी में कितनी सीटें खाली
यूनिवर्सिटी की तरफ से जारी खाली सीटों की सूची के मुताबिक, कुल 13,433 सीटों में से अनारक्षित यानी अनरिजर्व्ड (UR) कैटेगरी में 2,113 सीटें, अदर बैकवर्ड क्लासेज-नॉन क्रीमी लेयर (OBC-NCL) में 4,133 सीटें, अनुसूचित जाति (SC) में 2,038 सीटें, अनुसूचित जनजाति (ST) में 2,476 सीटें और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 1,791 सीटें खाली बताई गई हैं। इसके अलावा ईसाई (क्रिश्चियन) उम्मीदवारों के लिए 316 और सिख उम्मीदवारों के लिए 566 सीटें भी रिक्त हैं।
हालांकि, यूनिवर्सिटी ने साफ किया है कि यह आंकड़ा हमेशा के लिए तय नहीं है। आधिकारिक नोटिस में कहा गया है कि दिखाई गई खाली सीटें 23 अगस्त 2026 दोपहर 1 बजे तक की स्थिति के अनुसार हैं, और रीकॉन्सिलिएशन, वापसी, रद्दीकरण तथा शिकायतों के निपटारे जैसी वजहों से असली संख्या घट-बढ़ सकती है। एक और अहम बात यह है कि स्पॉट राउंड के दौरान सीट वापसी यानी विड्रॉल की सुविधा पूरी तरह बंद रहेगी।
कौन कर सकता है आवेदन
स्पॉट राउंड में सिर्फ वही उम्मीदवार हिस्सा ले सकते हैं जिन्होंने CSAS (UG) के तहत रजिस्ट्रेशन कराया है और जिन्हें 22 अगस्त 2026 तक किसी भी कॉलेज में दाखिला नहीं मिला है। ऐसे पात्र उम्मीदवारों को अपने डैशबोर्ड से 'स्पॉट एडमिशन' का विकल्प चुनना होगा। खास बात यह है कि उम्मीदवार सिर्फ उन्हीं प्रोग्राम और कॉलेज कॉम्बिनेशन को चुन सकते हैं जहां उनकी कैटेगरी में सीटें खाली हों। यहां एक शर्त सख्ती से लागू होगी, स्पॉट राउंड में अगर किसी उम्मीदवार को सीट अलॉट हो जाती है, तो उसे स्वीकार करना अनिवार्य होगा। इसमें न तो अपग्रेड का विकल्प मिलेगा, न ही सीट वापस करने का। जो उम्मीदवार अलॉट हुई सीट स्वीकार नहीं करेंगे, वे भविष्य में डीयू के किसी भी दाखिला राउंड के लिए अपनी पात्रता गंवा बैठेंगे। इसलिए फॉर्म भरने से पहले सोच-समझकर फैसला लेना बेहद जरूरी है।
खाली सीटों की लिस्ट कैसे देखें
अगर आप यह जानना चाहते हैं कि आपके प्रोग्राम और कैटेगरी में कितनी सीटें बची हैं, तो नीचे दिए स्टेप्स फॉलो करें -
- सबसे पहले डीयू के ऑफिशियल एडमिशन पोर्टल admission.uod.ac.in पर जाएं।
- इसके बाद होमपेज पर मौजूद 'Vacant Seats for Spot Round-I' लिंक पर क्लिक करें।
- क्लिक करते ही खाली सीटों की पीडीएफ लिस्ट स्क्रीन पर खुल जाएगी।इस पीडीएफ को डाउनलोड करके भविष्य के लिए संभालकर रख लें, ताकि जरूरत पड़ने पर दोबारा देखा जा सके।
लेखक के बारे में
Himanshu Tiwari
शॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।
परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।
लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।
शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।
रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।
विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव
Hindi Newsकरियर न्यूज़DU Admission: स्पॉट राउंड 1 में 13433 सीटें खाली, कल है आवेदन की आखिरी तारीख
See Less
