Duleep Trophy: वैभव की नाकामी, 2 बल्लेबाजों के शतक और 9वें नंबर पर 10 छक्के-चौके, ऐसा रहा पहला दिन

सुदीप कुमार घारामी ने शानदार शतक लगायाImage Credit source: PTI

रविवार 23 अगस्त का दिन टेस्ट क्रिकेट फैंस के लिए खूब एक्शन वाला रहा. दिन की शुरुआत मैके में ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन के खेल से हुई. वहीं कुछ ही देर में कोलंबो में भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट मैच भी शुरू हो गया. मगर इन दो इंटरनेशनल मुकाबलों के बीच दलीप ट्रॉफी के 2 मुकाबलों के साथ भारतीय डॉमेस्टिक सीजन भी शुरू हो गया. हालांकि पहले दिन उन फैंस को निराशा हुई होगी, जो वैभव सूर्यवंशी की बैटिंग का कमाल देखने आए थे लेकिन अन्य खिलाड़ियों ने अपना कमाल दिखाया.

नहीं चले वैभव और ईशान

बेंगलुरु में BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में नॉर्थ ईस्ट जोन और ईस्ट जोन के बीच मुकाबला शुरू हुआ. इसी वक्त CoE के ही दूसरे मैदान पर नॉर्थ जोन और वेस्ट जोन भी आमने-सामने आए. मगर सारा ध्यान ईस्ट और नॉर्थ ईस्ट की टक्कर पर था और इसकी वजह थे 15 साल के युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी, जो दलीप ट्रॉफी में अपना डेब्यू कर रहे थे. सिर्फ डेब्यू ही नहीं बल्कि वो ईस्ट जोन के उप-कप्तान के रूप में उतरे थे.

टी20 क्रिकेट में अपनी बैटिंग से तहलका मचा चुके वैभव से रेड बॉल क्रिकेट में भी अच्छी बल्लेबाजी की उम्मीद थी लेकिन पहली कोशिश में वो नाकाम रहे और सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए. सिर्फ वैभव ही नहीं बल्कि ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन भी फेल रहे. मगर इंटरनेशनल क्रिकेट के इन 2 सितारों की विफलता के बीच ईस्ट जोन के लिए बंगाल के दो अनुभवी खिलाड़ियों ने कमाल की बल्लेबाजी की.

सुदीप और शाहबाज ने जमाए शतक

पहले सुदीप कुमार घारामी ने रेड बॉल क्रिकेट में पिछले सीजन से चले आ रहे दमदार प्रदर्शन को जारी रखा और शतक जमा दिया. ये फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनका 9वां और पिछले रणजी सीजन से अब तक लगातार तीसरा शतक था. उन्होंने कुमार कुशाग्र के साथ 92 रन और फिर 7वें नंबर के शाहबाज अहमद के साथ 150 रन की साझेदारी की. सुदीप के आउट होने के बाद बंगाल के ऑलराउंडर शाहबाज ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अपना तीसरा शतक जमाया. वो 100 रन बनाकर नॉट आउट लौटे और ईस्ट जोन ने 6 विकेट खोकर 355 रन बना लिए थे.

कम्बोज ने बरपाया कहर, देशपांडे-तनुष भी छाए

वहीं दूसरे मुकाबले में नॉर्थ जोन की बैटिंग फ्लॉप रही और वो सिर्फ 251 रन पर ढेर हो गई. वेस्ट जोन की ओर से पेसर तुषार देशपांडे और स्पिनर तनुष कोटियान (दोनों मुंबई) ने 4-4 विकेट लेकर नॉर्थ जोन का ये हाल किया. नॉर्थ के लिए दिल्ली के ऑलराउंडर आयुष बडोनी ने अर्धशतक जमाया लेकिन स्टार साबित हुए अंशुल कम्बोज, जिन्होंने गेंदबाजी से पहले बैटिंग में कमाल दिखाया. 9वें नंबर पर बैटिंग के लिए आए कम्बोज ने सिर्फ 52 गेंदों में 60 रन कूट दिए, जिसमें 5 छक्के और 5 चौके शामिल थे. दिन का खेल खत्म होने तक वेस्ट ने 2 विकेट खोकर 31 रन बनाए थे.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button