दिल्ली सरकार महिलाओं और ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए दुर्गा ई-ऑटो योजना शुरू करने जा रही है. योजना के पहले चरण में 1,300 पिंक इलेक्ट्रिक ऑटो दिए जाएंगे. इनमें 1,170 ऑटो महिलाओं और 130 ऑटो ट्रांसजेंडर लाभार्थियों के लिए फिक्स होंगे. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में कैबिनेट से मंजूर इस योजना का उद्देश्य स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देना है.
योजना के तहत महिलाएं और ट्रांसजेंडर व्यक्ति इलेक्ट्रिक ऑटो के मालिक और ड्राइवर बन सकेंगे. इससे उन्हें रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और सार्वजनिक परिवहन में उनकी भागीदारी बढ़ेगी. सरकार यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को भी मजबूत करना चाहती है.
ऑनलाइन पोर्टल से होगा आवेदन और चयन
योजना को ठीक तरीके से लागू किया जा सके इसके लिए नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर (NIC) ने विशेष डिजिटल पोर्टल तैयार किया है. प्राप्त आवेदनों की जांच संबंधित जिला मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता वाली जिला स्तरीय समितियां करेंगी. आवेदनों का हर सप्ताह सत्यापन किया जाएगा. यदि किसी जिले में पात्र आवेदकों की संख्या उपलब्ध कोटे से अधिक होती है, तो ऑनलाइन लॉटरी के जरिए लाभार्थियों का चयन किया जाएगा.
योजना के पहले चरण में प्रत्येक राजस्व जिले में लगभग 90 इलेक्ट्रिक ऑटो महिलाओं और 10 ऑटो ट्रांसजेंडर लाभार्थियों के लिए आवंटित करने का प्रावधान है. चयनित लाभार्थियों को लेटर ऑफ इंटेंट जारी किया जाएगा. इसके अलावा, पंजीकृत मालिकों को पहचान पत्र, दुर्गा जैकेट और कैप भी दी जाएंगी.
EV पॉलिसी के तहत प्रोत्साहन का लाभ
परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दुर्गा ई-ऑटो योजना केवल इलेक्ट्रिक वाहनों के आवंटन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य महिलाओं और ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है. उन्होंने कहा कि यह पहल सामाजिक सशक्तिकरण, आर्थिक उत्थान और पर्यावरण अनुकूल परिवहन को एक साथ आगे बढ़ाएगी.
योजना के लाभार्थी दिल्ली EV पॉलिसी-2026 के तहत लागू खरीद प्रोत्साहन के भी पात्र होंगे. इसके साथ ही एग्रीगेटर्स से दुर्गा ई-ऑटो चालकों को मुफ्त ऑनबोर्डिंग और सब्सक्रिप्शन सुविधा देने का आग्रह किया जाएगा, ताकि वे डिजिटल मोबिलिटी प्लेटफॉर्म से जुड़ सकें.
मेट्रो और नमो भारत स्टेशनों पर चार्जिंग की व्यवस्था की मांग
परिवहन विभाग ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) और नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (NCRTC) से मेट्रो और नमो भारत RRTS स्टेशनों पर दुर्गा ई-ऑटो के लिए विशेष पार्किंग और चार्जिंग स्लॉट उपलब्ध कराने की मांग की है. इससे ऑटो का संचालन सुचारु बनाने और यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी देने में मदद मिलने की उम्मीद है.
सरकार के मुताबिक, पिंक इलेक्ट्रिक ऑटो के संचालन से सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी, स्वरोजगार के अवसर मजबूत होंगे और प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी. योजना के प्रभाव का आकलन करने के लिए दो चरणों में सामाजिक-आर्थिक मूल्यांकन भी किया जाएगा. इसके जरिए लाभार्थियों की आजीविका और आर्थिक स्थिति में होने वाले बदलावों का आकलन किया जाएगा.

जीतेन्द्र भाटी
करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पॉलिटिक्स, क्राइम, सामाजिक और मानवीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग. BAG Films की नर्सरी से IBN7, आज़ाद न्यूज़, प्रज्ञा TV, 4 रियल न्यूज, Focus News और न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया होते हुए देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में खबरों के बीच सफर जारी.
Read More