
पाकिस्तान टीम में बड़ा बदलाव. (फोटो- GETTY)
Pakistan Test squad for 3rd Test: इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 0-2 से पिछड़ने और लॉर्ड्स में 194 रनों की करारी शिकस्त झेलने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने टेस्ट टीम में बड़ा फेरबदल किया है. 9 सितंबर से बर्मिंघम में होने वाले तीसरे और आखिरी टेस्ट से पहले पाकिस्तान ने अपनी लगभग आधी टीम बदल डाली है. बोर्ड ने मोहम्मद रिजवान और इमाम-उल-हक समेत 7 सीनियर खिलाड़ियों को स्क्वॉड से रिलीज कर दिया है, वहीं हेड कोच सरफराज अहमद और बॉलिंग कोच उमर गुल को भी उनके पदों से हटा दिया गया है. अब व्हाइट-बॉल कोचिंग स्टाफ में शामिल माइक हेसन और एश्ले नोफ्के को टेस्ट टीम की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
इन 7 खिलाड़ियों को स्क्वॉड से निकाला गया
पाकिस्तान ने खराब फॉर्म और विवादों से घिरे 7 खिलाड़ियों को वापस स्वदेश भेज दिया है. खराब बल्लेबाजी फॉर्म के चलते मोहम्मद रिजवान को टीम से बाहर का रास्ता दिखाया गया है. वहीं, इमाम-उल-हक लॉर्ड्स में पिंडली की चोट और दोनों पारियों में बैटिंग न करने के विवाद के बाद बाहर किए गए हैं. फॉर्म में लगातार गिरावट के चलते सलमान अली आगा को भी रिलीज कर दिया गया है. इसके अलावा आमेर जमाल, अवैस जफर, खुर्रम शहजाद और हेडिंग्ले में 5 विकेट लेने वाले स्पिनर अली उस्मान को भी स्क्वॉड में जगह नहीं मिली है.
5 अनकैप्ड चेहरों को बुलावा
बर्मिंघम टेस्ट के लिए पाकिस्तान ने युवा प्रतिभाओं पर दांव लगाते हुए 5 अनकैप्ड खिलाड़ियों को स्क्वॉड में शामिल किया है. अराफात मिन्हास, साद बैग, मोहम्मद इमरान जूनियर, मोहम्मद इमरान रंधावा और रजाउल्लाह बतौर अनकैप्ड खिलाड़ी टीम में आए हैं. वहीं, ओपनर सैम अयूब और अब्दुल्लाह फजल को भी टीम में जोड़ा गया है. लॉर्ड्स की शिकस्त पिछले 20 टेस्ट मैचों में पाकिस्तान की 15वीं हार है. पाकिस्तानी टीम फिलहाल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले पायदान पर संघर्ष कर रही है. ऐसे में तीसरे टेस्ट के लिए बाबर आजम की कप्तानी में एकदम नया और युवा टीम मैदान में उतरेगी.
बर्मिंघम टेस्ट के लिए पाकिस्तान का स्क्वॉड:
बाबर आजम (कप्तान), अब्दुल्लाह फजल, अराफात मिन्हास, अजान अवैस, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद अली, मुहम्मद इमरान, मोहम्मद इमरान जूनियर, मुहम्मद गाजी घोरी (विकेटकीपर), रजाउल्लाह, साद बैग (विकेटकीपर), सैम अयूब, साजिद खान, सऊद शकील, शान मसूद, उबैद शाह.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More