Bihar EO Bimal Kumar Killed: बिहार के रोहतास जिल में डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या उनके ही ड्राइवर द्वारा कर दी गई. ड्राइवर ने विमल को शनिवार देर रात मारा. इस मामले में पुलिस का कहना है कि ड्राइवर लगातार ड्यूटी करने से परेशान था और उसने बदला लेने के लिए इस हत्या को अंजाम दिया. उधर, ईओ विमल कुमार की पत्नी बबिता देवी ने एक आरोप लगाते हुए मामले को नया मोड़ दे दिया है.
ईओ विमल कुमार शव रविवार सुबह दानापुर स्थित उनके आवास पहुंचा तो कोहराम मच गया. पत्नी, बेटे और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल था. परिजनों की चीख-पुकार सुनाई दे रही थी. बड़ी संख्या में मृतक के आवास पर स्थानीय लोगों का जमावड़ा लगा था. मृतक विमल कुमार की पत्नी बबीता ने मीडिया से बातचीत करते समय डेहरी के विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि उनके पति पर विधायक ये दबाव डाल रहे थे कि वो उनको 50 लाख दें. यही नहीं विधायक कई बार फोन करके उनको अपने आवास बुलाते थे.
निष्पक्ष जांच और दोषियों के लिए फांसी की मांग
मृतक की पत्नी ने कहा कि 29 जुलाई को भी विधायक ने उनके पति को घर पर बुलाया था. विमल ने उनसे कहा कि वो कोई गलत काम नहीं करते तो इतने पैसे कैसे दे सकते हैं. विधायक बार- बार दबाव बना रहे थे. पत्नी ने कहा कि उनके पति कोई गलत काम नहीं करते थे. इतने पैसा देने का सवाल ही नहीं उठता है. वहीं परिजनों की सीएम से मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और दोषियों को फांसी दी जाए.
गयाजी जिले के रहने वाले थे विमल कुमार
बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी विमल कुमार मूल रूप से गयाजी जिले के शेरघाटी के रहवासी थे. विमल में अपने परिवार के साथ दानापुर के गोला रोड स्थित गंगा कुटीर अपार्टमेंट में रहा करते थे. वो डेहरी में एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम में शामिल होने गए थे. कार्यक्रम के बाद पटना लौटने के दौरान औरंगाबाद के बारुण थाना क्षेत्र के लख डिहरा गांव के पास उनकी गाड़ी रोकी गई और फिर रॉड से वारकर करके विमल की हत्या कर दी गई. घटना में शामिल ड्राइवर पुलिस की गिरफ्त में है.
तेजस्वी यादव ने बीजेपी की डबल इंजन सरकार को घेरा
वहीं इस पूरे मामले में तेजस्वी यादव ने बीजेपी की डबल इंजन सरकार को घेरा है. तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में एनडीए के एक विधायक ने डेहरी-डालमिया नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी से 50 लाख रुपये की मांग की. मांग पूर्ति नहीं होने पर अधिकारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई. यह बिहार की ध्वस्त विधि व्यवस्था का जीता-जागता प्रमाण है. नरेंद्र मोदी आपके ट्रबल इंजन सरकार में आपके विधायक ने एक ईमानदार अधिकारी की बलि ली है. क्या ये कथित जंगलराज से अच्छा काम हुआ है? इस राज का कोई तो नामकरण कीजिए. मुख्यमंत्री से न्याय और निष्पक्षता की अपेक्षा करना स्वयं को धोखा देना है क्योंकि वो तो खुद ही अपराधियों के संरक्षक है.
साथ ही तेजस्वी यादव ने शोक-संतप्त परिजनों से मुलाक़ात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और हर संभव मदद का भरोसा दिया. शाम में दिवंगत अधिकारी की अंत्येष्टि में सम्मिलित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. डीजीपी से निष्पक्ष जांच कर हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा देनी की मांग की.
ये भी पढ़ें: बिहार: पैसेंजर ट्रेन में लगी भीषण आग, सिमरी-बख्तियारपुर स्टेशन पहुंचते ही जली बोगी, यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया

वरुण कुमार
वरुण कुमार पिछले पांच वर्षों से पत्रकारिता जगत का हिस्सा हैं. साल 2021 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद प्रभासाक्षी न्यूज वेबसाइट से पत्रकारिता की शुरुआत की और फिर एबीपी न्यूज का हिस्सा बने. अब TV9 डिजिटल की धर्म टीम के साथ काम कर रहे हैं.
Read More