EPFO UAN Face Authentication

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने खाताधारकों के लिए UMANG ऐप पर एक नई डिजिटल सुविधा शुरू की है। अब पीएफ खाताधारक UAN Face Authentication यानी आधार-आधारित फेस-ऑथेंटिकेशन के जरिए मोबाइल से ही अपना यूनिवर्सल अकाउंट नंबर यानी UAN जनरेट, एक्टिवेट और ऑथेंटिकेट कर सकते हैं।

श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी है। इस पहल का मकसद EPFO सेवाओं तक पहुंच आसान बनाना और मैनुअल वेरिफिकेशन पर निर्भरता खत्म करना है। इससे नए और पुराने, दोनों तरह के UAN धारकों को फायदा होगा।

Table of Contents

  • नया UAN बनाने के लिए क्या चाहिए
  • पुराने UAN धारकों के लिए एक्टिवेशन प्रोसेस
  • एक्टिवेटेड UAN के लिए फेस-ऑथेंटिकेशन का विकल्प
  • ऑथेंटिकेशन फेल होने पर क्या करें
  • Aadhaar Face RD ऐप कैसे काम करता है
  • EPFO Passbook Lite जॉब बदलने वालों और PF Withdrawal वालों के लिए धमाकेदार नई सुविधा
  • बंद पड़े PF अकाउंट और कम पेंशन से परेशान लोगों के लिए राहत, EPFO ला रहा बड़ा समाधान

नया UAN बनाने के लिए क्या चाहिए

यह सुविधा खासतौर पर उन कर्मचारियों के लिए फायदेमंद है जो पहली बार EPF सिस्टम से जुड़ रहे हैं। नया UAN बनाने के लिए वैलिड आधार नंबर, आधार-लिंक्ड मोबाइल नंबर और ‘Aadhaar Face RD’ एप्लीकेशन का होना जरूरी है।

UMANG ऐप पर ‘UAN Allotment and Activation’ ऑप्शन में जाकर आधार नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज करना होता है। इसके बाद आधार-लिंक्ड मोबाइल नंबर पर OTP आता है और सिस्टम खुद जांचता है कि आधार से पहले से कोई UAN जुड़ा तो नहीं है। पुराना UAN न मिलने पर यूजर को फेस-ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया में भेजा जाता है, जहां ‘Aadhaar Face RD’ ऐप से चेहरा स्कैन होता है। वेरिफिकेशन पूरा होते ही नया UAN जनरेट होकर रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेज दिया जाता है।

पुराने UAN धारकों के लिए एक्टिवेशन प्रोसेस

जिन कर्मचारियों का UAN पहले से बना है लेकिन एक्टिवेट नहीं हुआ है, वे UMANG ऐप के ‘UAN Activation’ ऑप्शन का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए UAN, आधार नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज कर सहमति देनी होती है। OTP वेरिफिकेशन के बाद UIDAI सिस्टम के जरिए फेस-ऑथेंटिकेशन पूरी करनी होती है।

वेरिफिकेशन पूरा होते ही UAN एक्टिवेट हो जाता है और कर्मचारी को SMS के जरिए UAN व एक टेंपरेरी पासवर्ड मिल जाता है। इसी दौरान EPFO डेटाबेस में कर्मचारी की वेरीफाइड फोटो और पता अपने आप अपडेट हो जाता है।

UMANG ऐप के माध्यम से अब आप अपना UAN (यूनिवर्सल अकाउंट नंबर) अलॉट, एक्टिवेट और ऑथेंटिकेट कर सकते हैं। UAN प्राप्त होने के बाद EPFO की ऑनलाइन सेवाओं का लाभ उठाना और भी आसान हो जाता है। आप अपना EPF बैलेंस देख सकते हैं, पासबुक डाउनलोड कर सकते हैं, pic.twitter.com/1QMHJyufzD

— Ministry of Labour & Employment, GoI (@LabourMinistry) September 4, 2026

एक्टिवेटेड UAN के लिए फेस-ऑथेंटिकेशन का विकल्प

जिन सदस्यों का UAN पहले से एक्टिवेट है, उनके लिए ऐप पर ‘Face Authentication of Already Activated UANs’ का ऑप्शन दिया गया है। इसमें सदस्य सहमति देकर फेस-ऑथेंटिकेशन पूरा करते हैं, जिसके बाद UIDAI सिस्टम पहचान वेरीफाई कर आधार और UAN से जुड़ी जानकारी हासिल करता है। इस वेरीफाई डिटेल का इस्तेमाल EPFO रिकॉर्ड अपडेट करने में होता है, जिससे अलग से दोबारा ऑथेंटिकेशन कराने की जरूरत नहीं पड़ती।

एक्टिवेशन के बाद सदस्य EPF बैलेंस चेक करने, पासबुक डाउनलोड करने, क्लेम स्टेटस ट्रैक करने और KYC डिटेल्स अपडेट करने जैसी सुविधाएं घर बैठे इस्तेमाल कर सकते हैं।

ऑथेंटिकेशन फेल होने पर क्या करें

प्रक्रिया के दौरान कुछ तकनीकी दिक्कतें आ सकती हैं, जैसे गलत आधार या मोबाइल नंबर, OTP न मिलना, फेस-ऑथेंटिकेशन फेल होना या पहले से UAN मौजूद होने का मैसेज दिखना। ऐसी स्थिति में यूजर दोबारा डिटेल दर्ज कर सकते हैं, दोबारा OTP मंगा सकते हैं या फिर से फेस-स्कैन कर सकते हैं। समस्या बनी रहने पर हेल्पडेस्क या सपोर्ट टीम से संपर्क करने की सलाह दी जाती है।

Aadhaar Face RD ऐप कैसे काम करता है

Aadhaar Face RD, UIDAI की विकसित एक आधिकारिक फेशियल ऑथेंटिकेशन ऐप है। इसमें फिंगरप्रिंट या आइरिस स्कैनर जैसे किसी अलग बायोमीट्रिक डिवाइस की जरूरत नहीं पड़ती। यह स्मार्टफोन के फ्रंट कैमरे से चेहरे का लाइव स्कैन कर UIDAI डेटाबेस से मिलान करता है और तुरंत पहचान की पुष्टि कर देता है।

UMANG ऐप को इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) और राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस विभाग (NeGD) ने तैयार किया है, जो कई सरकारी सेवाओं को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाता है। EPFO की इस नई सुविधा से पीएफ से जुड़े अहम काम पूरी तरह डिजिटल और सेल्फ-सर्विस मॉडल पर आ गए हैं।

ये भी पढ़ें :

EPFO Passbook Lite जॉब बदलने वालों और PF Withdrawal वालों के लिए धमाकेदार नई सुविधा

बंद पड़े PF अकाउंट और कम पेंशन से परेशान लोगों के लिए राहत, EPFO ला रहा बड़ा समाधान

Like and follow us on :

Telegram | Facebook | Instagram | Twitter | Pinterest | Linkedin

Post Views: 2

Photo of सांवरिया सेठ सिंह

सांवरिया सेठ सिंह

थम्सअप भारत न्यूज पोर्टल शासन, सामाजिक, विकासात्मक और जनता की मूलभूत समस्याओं और उनकी चिंताओं के मुद्दों पर चौबीसों घंटे निष्पक्ष और विस्तृत समाचार कवरेज प्रदान करता है।