EV Scooter: एथर एनर्जी नए इलेक्ट्रिक स्कूटर Ather Konarc की लॉन्चिंग के लिए अलग-अलग परिस्थितियों में इसकी टेस्टिंग कर रही है। स्कूटर की संभावित कीमत सामने आई है।
एथर कोनार्क इलेक्ट्रिक स्कूटर जल्द लॉन्च होगा
- Published: 13 Aug 2026, 07:49 PM IST
- Last Updated: 13 Aug 2026, 07:49 PM IST
EV Scooter: भारत में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है। यही वजह है कि कंपनियां लगातार नए इलेक्ट्रिक स्कूटर और बाइक बाजार में उतार रही हैं। इसी कड़ी में एथर एनर्जी जल्द ही अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर एथर कोनार्क लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। लॉन्च से पहले इसकी अलग-अलग परिस्थितियों में टेस्टिंग की जा रही है। हाल ही में इसे उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, टेस्टिंग में स्कूटर से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।
जल्द लॉन्च होगा एथर कोनार्क
एथर एनर्जी ने पुष्टि की है कि कंपनी इसी महीने अपने नए इलेक्ट्रिक स्कूटर एथर कोनार्क को लॉन्च करेगी। इस स्कूटर को पहले EL 01 कोडनेम से जाना जाता था। कंपनी ने इसे अपने नए EL प्लेटफॉर्म पर तैयार किया है।
पहाड़ी इलाकों में हो रही टेस्टिंग
लॉन्च से पहले एथर कोनार्क की टेस्टिंग अलग-अलग इलाकों और मौसम की परिस्थितियों में की जा रही है। हाल ही में इसे उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में टेस्टिंग के दौरान देखा गया। स्कूटर को पूरी तरह से कवर किया गया था, इसलिए इसका डिजाइन पूरी तरह सामने नहीं आया है।
माइनस तापमान में टेस्टिंग
रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्कूटर की टेस्टिंग शून्य से कम तापमान वाले इलाकों में भी की जा रही है। इससे संकेत मिलता है कि कंपनी इसे अलग-अलग तापमान और भौगोलिक परिस्थितियों में परख रही है, ताकि वास्तविक परिस्थितियों में इसके प्रदर्शन और बैटरी की क्षमता का आकलन किया जा सके।
टेस्टिंग मॉडल में आयताकार LED हेडलाइट, नीचे की ओर LED DRL, छोटी विंडस्क्रीन, बड़ा फ्लोरबोर्ड, सिंगल सीट और LED टेललाइट जैसे फीचर्स देखने को मिले हैं।
200 किलोमीटर तक हो सकती है रेंज
एथर ने अभी तक कोनार्क की बैटरी और रेंज से जुड़ी आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। हालांकि, रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि इसमें 2 से 5 kWh तक की बैटरी क्षमता वाले विकल्प मिल सकते हैं। इसकी संभावित रेंज करीब 160 से 200 किलोमीटर तक हो सकती है।
EL प्लेटफॉर्म पर तैयार होंगे कई मॉडल
एथर कोनार्क को नए EL प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जा रहा है। कंपनी ने इस प्लेटफॉर्म को स्केलेबिलिटी, मैन्युफैक्चरिंग एफिशिएंसी और बेहतर फ्लेक्सिबिलिटी को ध्यान में रखकर विकसित किया है। आने वाले समय में इसी प्लेटफॉर्म पर कई अन्य इलेक्ट्रिक स्कूटर भी पेश किए जा सकते हैं।
कितनी होगी कीमत?
एथर ने अभी कोनार्क की कीमत और बैटरी से जुड़ी आधिकारिक जानकारी का खुलासा नहीं किया है। हालांकि, उम्मीद की जा रही है कि इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 1 लाख रुपये से 1.25 लाख रुपये के बीच हो सकती है। कंपनी लॉन्च के समय इसके फीचर्स, बैटरी क्षमता, रेंज और कीमत की पूरी जानकारी देगी।
(मंजू कुमारी)