ईरान और इस्राइल के बीच संघर्ष जारी है, जिससे पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ गया है. तनाव के बीच, पाकिस्तान अपनी कूटनीतिक भूमिका को आर्थिक लाभ में बदलने की कोशिश कर रहा है. हाल में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने की कोशिशों में पाकिस्तान ने जो भूमिका निभाई उसकी चर्चा देश भर में हुई. इसी बदलते माहौल का फायदा उठाने का पाकिस्तान ने तय कर लिया है. पाकिस्तान ने अमेरिका से 10 अरब डॉलर के एक्सचेंज स्टेबलाइजेशन फंड (Exchange Stabilization Fund) की मांग की है. साथ ही पाकिस्तान ने अमेरिका के EXIM बैंक के जरिए अलग ट्रेड फाइनेंस सुविधा का प्रस्ताव भी रखा है. 

हालांकि, ये मांग सिर्फ आर्थिक राहत का केस नहीं है. इसके पीछे पाकिस्तान की कमजोर विदेश मुद्रा स्थिति, IMF पर निर्भरता और बदलते वैश्विक शक्ति संतुलन का बड़ा समीकरण भी छिपा हुआ है. 

क्या है पाकिस्तान की नई मांग?

विदेशी न्यूज एजेंसी के अनुसार, पाकिस्तान के वित्त मंत्री मोहम्मद औरंगजेब हाल में वाशिंगटन के यात्रा पर थे. इस दौरान, पाकिस्तान ने अमेरिकी प्रशासन के सामने 10 अरब डॉलर के एक्सचेंज स्टेबलाइजेशन फंड का प्रस्ताव रखा. साथ ही अमेरिकी EXIM बैंक के माध्यम से ट्रेड फाइनेंस की सुविधा देने का भी सुझाव दिया है. खास बात है कि अगर ये प्रस्ताव स्वीकार किया जाता है तो पाकिस्तान को विदेशी मुद्रा भंडार मजबूत करने, पाकिस्तानी रुपये को स्थिर रखने और आयात भुगतान में रहने मिलने की उम्मीद बढ़ी है. अमेरिका की इस मदद से पाकिस्तान की चीन, सऊदी अरब और आईएमएफ पर अधिक निर्भरता भी कुछ हद तक कम हो सकती है. 

पाकिस्तान को इस समय अतिरिक्त फंड की जरूरत क्यों है?

पाकिस्तान लंबे वक्त से गंभीर आर्थिक संकट झेल रहा है. विदेशी मुद्रा भंडार लगातार दबाव में है, जिस वजह से पाकिस्तान को कई बार IMF से बेलआउट पैकेज लेना पड़ा. हाल ही में पाकिस्तान ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को 3.5 अरब डॉलर का भुगतान किया, जिससे उसके विदेशी मुद्रा भंडार का बड़ा हिस्सा कम हो गया. इस कमी को पूरा करने के लिए सऊदी अरब से 3 अरब डॉलर की सहायता लेनी पड़ी. ऐसी स्थिति में अमेरिका से मिलने वाला संभावित फंड पाकिस्तान के लिए एक अतिरिक्त सुरक्षा कवच का काम कर सकता है.

अमेरिका को इससे क्या फायदा हो सकता है?

विशेषज्ञों का मानना है कि यह प्रस्ताव केवल पाकिस्तान के हित में नहीं है. अमेरिका भी इससे रणनीतिक लाभ हासिल करना चाहता है. विश्लेषकों के अनुसार ट्रंप प्रशासन पाकिस्तान के महत्वपूर्ण खनिज (Critical Minerals) क्षेत्र में अपनी भागीदारी बढ़ाना चाहता है. भविष्य में संभावित माइनिंग परियोजनाओं और निवेश में अमेरिकी कंपनियों की भूमिका मजबूत हो सकती है. इसके अलावा दक्षिण एशिया में चीन के बढ़ते प्रभाव को संतुलित करने की अमेरिकी रणनीति में भी पाकिस्तान महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.

क्या IMF से छुटकारा मिल जाएगा?

इस सवाल का जवाब लगभग सभी अर्थशास्त्री "नहीं" में देते हैं. पाकिस्तान इस समय 7 अरब डॉलर के IMF कार्यक्रम के तहत आर्थिक सुधार लागू कर रहा है. इन सुधारों में टैक्स बढ़ाना, सरकारी खर्च कम करना, ऊर्जा क्षेत्र में बदलाव और सरकारी कंपनियों का पुनर्गठन जैसे कठिन फैसले शामिल हैं. हालांकि इन सुधारों का कुछ सकारात्मक असर भी दिखाई देने लगा है. हाल ही में S&P Global Ratings ने पाकिस्तान की क्रेडिट रेटिंग नौ वर्षों बाद B- से बढ़ाकर B कर दी. यह संकेत देता है कि वित्तीय स्थिति में कुछ सुधार हुआ है. लेकिन IMF की शर्तें राजनीतिक रूप से बेहद कठिन मानी जाती हैं क्योंकि टैक्स बढ़ाने और सब्सिडी घटाने जैसे फैसलों का जनता पर सीधा असर पड़ता है.

ये खबर भी पढ़ें- Explainer: PM मोदी ने बनाई हाईपावर टास्कफोर्स, जानें इस टीम के काम से कैसे सुधरेगी परीक्षा व्यवस्था?

क्या अमेरिकी फंड IMF की जगह ले सकता है?

अधिकांश विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसा संभव नहीं है. यदि अमेरिका 10 अरब डॉलर की सुविधा देता भी है तो यह केवल विदेशी मुद्रा संकट से अस्थायी राहत दे सकता है. लेकिन पाकिस्तान की मूल आर्थिक समस्याएं—कम टैक्स संग्रह, घाटे में चल रही सरकारी कंपनियां, ऊर्जा क्षेत्र की अक्षमताएं और कमजोर निर्यात—जैसी की तैसी रहेंगी. यही वजह है कि अर्थशास्त्रियों का कहना है कि नया पैसा केवल समय खरीद सकता है, स्थायी आर्थिक विकास नहीं.

ये खबर भी पढ़ें- Explainer: जंतर-मंतर पर चल रहे छात्रों के विरोध प्रदर्शन में क्यों कूदी कांग्रेस? क्या होगा इसका असर

EXIM बैंक की सुविधा कैसे काम करेगी?

अमेरिकी EXIM बैंक के प्रस्तावित ट्रेड-फाइनेंस सिस्टम के तहत पाकिस्तानी आयातक अमेरिकी निर्यातकों को भुगतान एक से तीन साल बाद तक कर सकेंगे. इससे पाकिस्तान पर तत्काल विदेशी मुद्रा का दबाव कम होगा और अमेरिका के निर्यात को भी बढ़ावा मिलेगा. साथ ही दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंध मजबूत हो सकते हैं.

ये खबर भी पढ़ें- Explainer: क्या कोई भी PM हाउस के बाहर प्रदर्शन कर सकता है? जानिए कानून और दिल्ली पुलिस के नियम?

चीन की क्या भूमिका होगी?

दिलचस्प बात यह है कि विशेषज्ञों को नहीं लगता कि चीन अमेरिकी सहायता का खुलकर विरोध करेगा. चीन पिछले कई वर्षों से पाकिस्तान का सबसे बड़ा आर्थिक साझेदार रहा है और चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (CPEC) उसकी प्रमुख परियोजनाओं में शामिल है. विश्लेषकों का मानना है कि बीजिंग भी चाहता है कि पाकिस्तान आर्थिक रूप से स्थिर रहे और पूरी जिम्मेदारी केवल चीन के कंधों पर न रहे. ऐसे में अमेरिका की सीमित आर्थिक भागीदारी चीन के लिए भी स्वीकार्य हो सकती है.

ये खबर भी पढ़ें- Explainer: देश में शुरू हुई पानी से चलने वाली ट्रेन, जानें हाइड्रोजन फ्यूल का इतिहास

क्या पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति वास्तव में सुधर रही है?

हाल के महीनों में कुछ सकारात्मक संकेत जरूर मिले हैं. महंगाई में कुछ कमी आई है, विदेशी मुद्रा भंडार में सीमित सुधार हुआ है और क्रेडिट रेटिंग भी बेहतर हुई है. लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि यह शुरुआती सुधार है. जब तक टैक्स व्यवस्था, ऊर्जा क्षेत्र, सरकारी उपक्रमों और निवेश माहौल में व्यापक सुधार नहीं किए जाते, तब तक पाकिस्तान बार-बार विदेशी सहायता और IMF कार्यक्रमों पर निर्भर रहेगा.