नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर जाति आधारित आरक्षण के विरोध में हुए प्रदर्शन के नाम पर वायरल हो रहा यह वीडियो ओडिशा के पुरी में आयोजित रथ यात्रा की तैयारियों से संबंधित है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के विवादास्‍पद नियमों और जातिगत आरक्षण के खिलाफ सवर्णों के प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। इसके साथ दावा किया जा रहा है कि यह जंतर-मंतर पर 21 अगस्त 2026 को हुए सवर्णों प्रदर्शन का है। वायरल वीडियो में एक जगह पर जमा हुई भीड़ और सुरक्षाबलों  के जवानों को देखा जा सकता है।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। वायरल हो रहा वीडियो जंतर-मंतर पर सवर्णों के प्रदर्शन का नहीं, बल्कि ओडिशा के पुरी में आयोजित रथ यात्रा से संबंधित है। इसी पुराने वीडियो को दिल्ली में सवर्णों के प्रदर्शन से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।

क्या है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Nizamuddin Ahmed Warsi Kushinagar’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) शेयर करते हुए लिखा, “जंतर मंतर पर आज इस जनसैलाब ने सत्ता में इतना तो डर बना ही दिया। कि तमाम प्रदेशों में सवर्ण आवाज़ों को HOUSE ARREST करने लगे। कल सैलाव नहीं सुनामी आएगी। जब तक जातिगत आरक्षण, SCST एक्ट और UGC रेगुलेशन नहीं हटाया जाता। तब तक हमे रोकना मुश्किल है।”

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई यूजर्स ने इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर किया है।

जंतर मंतर पर आज इस जनसैलाब ने सत्ता में इतना तो डर बना ही दिया।

कि तमाम प्रदेशों में सवर्ण आवाज़ों को HOUSE ARREST करने लगे। कल सैलाव नहीं सुनामी आएगी।

जब तक जातिगत आरक्षण, SCST एक्ट और UGC रेगुलेशन नहीं हटाया जाता। तब तक हमे रोकना मुश्किल है pic.twitter.com/tYWCXvyBVL

— Shrikant Upadhyay (@bjpryvsh) August 23, 2026

पड़ताल

न्यूज सर्च में हमें ऐसी कई रिपोर्ट्स मिलीं, जिनमें दिल्ली के जंतर-मंतर पर यूजीसी और जातिगत आरक्षण के खिलाफ हुए सवर्णों के प्रदर्शन का जिक्र है। ‘आजतक’ की 21 अगस्त 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, “दिल्ली के जंतर-मंतर पर यूजीसी और जातिगत आरक्षण को लेकर प्रदर्शन कर रहे सवर्ण समाज के लोगों को पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स ने धरना स्थल से हटाना शुरू कर दिया है।”

‘लाइव हिंदुस्तान डॉट कॉम’ की 24 अगस्त 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, “राजधानी दिल्ली में अब सवर्ण लामबंद हो रहे हैं। रविवार को ही सैकड़ों प्रदर्शनकारी कनॉट प्लेस से जंतर-मंतर तक विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। उस दौरान बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया गया था।”

हालांकि, किसी भी रिपोर्ट में हमें वह विजुअल नजर नहीं आया, जो वायरल वीडियो में दिख रहा है। इसके बाद हमने वायरल वीडियो के ओरिजिनल सोर्स को ढूंढा। इसके लिए हमने इसके कीफ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया। सर्च में हमें न्यूज एजेंसी ‘एएनआई’ के एक्स हैंडल से पोस्ट किया गया एक वीडियो मिला, जिसमें वायरल वीडियो में नजर आ रहे समान विजुअल को देखा जा सकता है।

15 जुलाई 2026 को साझा किए गए इस वीडियो के मुताबिक, “कल शुरू होने वाली श्री जगन्नाथ रथ यात्रा से पहले पुरी में श्री जगन्नाथ मंदिर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।” नीचे दिए गए कोलाज में वायरल वीडियो और ओरिजिनल वीडियो में नजर आ रहे समान विजुअल को देखा जा सकता है।

एक अन्य रिपोर्ट में भी वायरल वीडियो से मिलते-जुलते विजुअल को देखा जा सकता है, जो रथ यात्रा से पहले पुरी में मजबूत किए गए सुरक्षा इंतजामों से संबंधित है।

यानी वायरल वीडियो जंतर-मंतर पर सवर्णों के प्रदर्शन से संबंधित नहीं है, बल्कि यह पुरी की रथ यात्रा से संबंधित है।

वायरल वीडियो को लेकर हमने भुवनेश्वर स्थित पत्रकार और फैक्ट चेकर हरिहर पांडा से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया, “यह वीडियो पुरी की रथ यात्रा से संबंधित है।”

क्या है संदर्भ?

दिल्ली के जंतर-मंतर पर जातिगत आरक्षण और यूजीसी के विवादास्‍पद नियमों के विरोध में 21 अगस्त 2026 को प्रदर्शन हुआ था। न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर इस प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी और इसके बाद वहां निषेधाज्ञा लागू कर दी गई।

इसके बावजूद हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी वहां इकट्ठा हुए, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और उन्हें धरना स्थल से हटा दिया।

वायरल वीडियो को फेक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब चार हजार लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर जाति आधारित आरक्षण के विरोध में हुए प्रदर्शन के नाम पर वायरल हो रहा यह वीडियो ओडिशा के पुरी में आयोजित रथ यात्रा की तैयारियों से संबंधित है।

  • Claim Review : नई दिल्ली के जंतर मंतर पर जातिगत आरक्षण के खिलाफ सवर्णों का प्रदर्शन।
  • Claimed By : FB User: Nizamuddin Ahmed Warsi Kushinagar
  • Fact Check : भ्रामक

Our Sources

  1. News Report of aajtak.in, Dated 21 Aug 2026
  2. News Report of livehindustan.com, Dated 24 Aug 2026
  3. News Report of ANI, Dated 15 July 2026
  4. News Report of OTVNewsEnglish, Dated 15 July 2026
  5. News Report of thehindu.com, Dated 21 Aug 2026

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

Related Fact Check

  • Fact Check: राहुल गांधी के पुणे कार्यक्रम के नाम से वायरल हो रहा यह वीडियो मेक्सिको का है
  • Fact Check: अमित मालवीय ने नहीं की राहुल गांधी और कांग्रेस की तारीफ, फेक पोस्टकार्ड वायरल
  • Fact Check: बाबा रामदेव के नाम पर फर्जी पोस्ट वायरल, कांग्रेस की तारीफ करते हुए उन्होंने नहीं मांगी माफी

टैग्स

  • Jantar Mantar Protest
  • Jantar Mantar Protest Video
  • Jantar Mantar Viral Video
  • Puri Rath Yatra News
  • Puri Rath Yatra Video
  • viral video

अपनी प्रतिक्रिया दें