Time Updated: Monday, October 5, 2026, 14:13 [IST]

FBI Chief Kash Patel Engaged: अमेरिकी संघीय जांच ब्यूरो (FBI) के निदेशक काश पटेल ने अपनी लंबे समय से पार्टनर और कंट्री म्यूजिक सिंगर एलेक्सिस विल्किंस से सगाई कर ली है। रविवार (4 अक्टूबर) को 27 वर्षीय एलेक्सिस ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर कर इस रिश्ते को सार्वजनिक किया।

तस्वीर में वह 46 वर्षीय काश पटेल के साथ नजर आ रही हैं और अपनी हीरे की सगाई की अंगूठी दिखा रही हैं। यानी दोनों के बीच करीब 19 साल का उम्र का अंतर है। एलेक्सिस ने तस्वीर के साथ मजाकिया अंदाज में लिखा कि मैंने जाकर कानून की मदद ली। इसके बाद काश पटेल ने भी पोस्ट शेयर करते हुए दिल और डायमंड रिंग वाले इमोजी लगाए। आइए जानते हैं कि कब-कैसे हुई थी मुलाकात?

fbi-chief-kash-patel-engaged

2022 में हुई थी पहली मुलाकात

रिपोर्ट्स के मुताबिक, काश पटेल और एलेक्सिस विल्किंस की पहली मुलाकात 2022 में नैशविले में एक दोस्त के कार्यक्रम के दौरान हुई थी। दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे रिश्ते में बदली और 2023 में उन्होंने डेटिंग शुरू कर दी। इसके बाद दोनों कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में साथ नजर आए।

Who Is Alexis Wilkins: कौन हैं एलेक्सिस विल्किंस?

एलेक्सिस विल्किंस एक कंट्री म्यूजिक सिंगर और गीतकार हैं। वह अमेरिकी कंजर्वेटिव सर्कल में भी सक्रिय रही हैं। उनकी पहचान एक कलाकार के साथ-साथ राजनीतिक और सांस्कृतिक मुद्दों पर मुखर आवाज के तौर पर भी है। काश पटेल कई मौकों पर उन्हें "देशभक्त" बता चुके हैं और उनके खिलाफ होने वाली आलोचनाओं का सार्वजनिक रूप से बचाव किया है।

सरकारी विमान को लेकर क्यों हुआ विवाद?

फरवरी 2025 में FBI निदेशक बनने के बाद काश पटेल और एलेक्सिस विल्किंस का रिश्ता अमेरिकी मीडिया में चर्चा का विषय बना। विवाद तब बढ़ा, जब पटेल की निजी या गैर-सरकारी यात्राओं में FBI के विमानों के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठे। रिपोर्ट्स के अनुसार, मई 2025 में पटेल और विल्किंस FBI के गल्फस्ट्रीम वी विमान से वॉशिंगटन से फिलाडेल्फिया गए थे। वहां दोनों ने जॉर्ज स्ट्रेट और क्रिस स्टेपलटन का कंट्री म्यूजिक कॉन्सर्ट देखा। बताया गया कि उन्होंने करीब 35,000 से 50,000 डॉलर की कीमत वाले निजी सुइट से कार्यक्रम देखा।

FBI ने पटेल के विमान इस्तेमाल का बचाव करते हुए कहा कि उनकी सुरक्षा को देखते हुए सरकारी विमान से यात्रा करना जरूरी है। ब्यूरो के मुताबिक, पटेल गैर-सरकारी यात्राओं का खर्च सरकार को पहले ही चुका देते हैं और उनका विमान इस्तेमाल निर्धारित नियमों के अनुरूप है।

पटेल ने एलेक्सिस का किया बचाव

आलोचनाओं के बीच काश पटेल ने एलेक्सिस का खुलकर बचाव किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों को 'घृणित और निराधार' बताया और कहा कि एलेक्सिस एक सच्ची देशभक्त हैं। इसके अलावा, दिसंबर में दोनों के एक पॉडकास्ट में साथ दिखाई देने पर भी विवाद हुआ था। उस समय ब्राउन यूनिवर्सिटी गोलीबारी के संदिग्ध की तलाश चल रही थी। सांसदों और FBI के पूर्व अधिकारियों ने सवाल उठाया कि देशव्यापी तलाशी के दौरान FBI निदेशक का निजी पॉडकास्ट इंटरव्यू में शामिल होना कितना उचित था।

अब सगाई की घोषणा के बाद काश पटेल और एलेक्सिस विल्किंस एक बार फिर अमेरिकी मीडिया की सुर्खियों में हैं। 46 वर्षीय FBI निदेशक और 27 वर्षीय कंट्री सिंगर की यह जोड़ी उम्र के करीब 19 साल के अंतर के बावजूद लंबे समय से साथ है और अब दोनों ने अपने रिश्ते को सगाई के अगले पड़ाव तक पहुंचा दिया है।