लुधियाना नगर निगम हाउस में आज फाइनांस एंड कॉन्ट्रेक्ट कमेटी यानी F&CC के दो मेंबर्स का चुनाव होना है। मेयर इंदरजीत कौर ने एफएंडसीसी मेंबर्स के चुनाव के लिए आज 11 बजे हाउस की मीटिंग गुरुनानक देव भवन में बुलाई है।

.

विपक्ष की तरफ से कांग्रेस व भाजपा ने अपने-अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए। वहीं सत्ता पक्ष यानी आम आदमी पार्टी ने अभी अपने उम्मीदवारों का नाम घोषित नहीं किया है। जानकारी के अनुसार आम आदमी पार्टी फिर से विधायक पुत्रों अमन बग्गा व युवराज सिद्धू को एफएंडसीसी मेंबर्स के लिए उम्मीदवार बनाने जा रही है।

निगम हाउस में पार्षदों की संख्या को देखते आप के एक पार्षद का जीतना तय है। जबकि दूसरे सदस्य के लिए आप, कांग्रेस व भाजपा में टक्कर रहेगी। वहीं दूसरी तरफ मेयर व कमिश्नर ने अभी स्पष्ट नहीं किया कि चुनाव किस प्रक्रिया के तहत होगा?

कांग्रेस पार्षद व उम्मीदवार गौरव भट्‌टी का कहना है कि मेयर व कमिश्नर ने अगर म्युनिसिपल एक्ट का उलंघन करके चुनाव करवाया तो वो फिर से हाईकोर्ट का रूख करेंगे। उन्होंने मेयर व कमिश्नर को साफ कहा कि चुनाव प्रक्रिया नियमों के तहत ही पूरी की जाए।

मेयर को मांगपत्र देते हुए पार्षद। फाइल फोटो

मेयर को मांगपत्र देते हुए पार्षद। फाइल फोटो

45 पार्षदों ने चुनाव के लिए मेयर को दिए ज्ञापन में क्या कहा, जानिए...

  • पारदर्शी व निष्पक्ष तरीके से हो चुनाव: निगम हाउस की बैठक और F&CC सदस्यों के चुनाव को लेकर शहर के राजनीतिक गलियारों में हलचल काफी तेज हो गई है। कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल के 45 पार्षदों ने एकजुट होकर मेयर को एक सांझा प्रस्ताव सौंपा है। इस ज्ञापन में पार्षदों ने मांग की है कि F&CC के दो रिक्त पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह लोकतांत्रिक, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कराई जाए।
  • गुप्त मतदान की मांग: 45 पार्षदों ने सर्वसम्मति से मांग रखी है कि F&CC के दोनों सदस्यों का चुनाव हाथ खड़े करवाने के बजाय सीक्रेट बैलेट (गुप्त मतदान) के माध्यम से करवाया जाए, ताकि किसी भी पार्षद पर राजनीतिक दबाव न रहे।
  • एजेंडे में शामिल कर चर्चा कराने की मांग: पार्षदों का कहना है कि इस प्रस्ताव को नगर निगम के जनरल हाउस की अगली बैठक के मुख्य एजेंडे में शामिल किया जाना चाहिए और सदन के पटल पर इस पर विस्तृत चर्चा होनी चाहिए।
  • वीडियोग्राफी और पारदर्शिता: निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए पार्षदों ने मांग की है कि पूरी मतदान और मतगणना प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग (वीडियोग्राफी) कराई जाए। इसके साथ ही मतदान से पहले सभी पात्र पार्षदों को समय पर आधिकारिक चुनाव नोटिस जारी किया जाए।

F&CC की अहमियत

नगर निगम में फाइनांस एंड कॉन्ट्रैक्ट कमेटी (F&CC) को सबसे शक्तिशाली प्रशासनिक व वित्तीय निकाय माना जाता है। शहर के बड़े विकास कार्यों की स्वीकृति, टेंडर प्रक्रिया, वित्तीय बजट और कॉन्ट्रैक्ट्स से जुड़े सभी फैसले इसी कमेटी द्वारा लिए जाते हैं। यही वजह है कि इसके दो खाली सदस्यों के चयन को लेकर विपक्षी दल पूरी तरह लामबंद हैं।

हाईकोर्ट जाने पर हटाए थे दोनों सदस्य

मेयर इंदरजीत कौर ने एमएलए मदनलाल बग्गा के बेटे अमन बग्गा और कुलवंत सिंह सिद्धू के बेटे युवराज सिंह सिद्धू को एफएंडसीसी का मेंबर नियुक्त कर दिया था। पार्षद गौरव भट्‌टी ने पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दोनों की नियुक्ति को रद्द करने मी मांग रखी। कोर्ट ने मामले की सुनवाई की तो स्थानीय निकाय विभाग ने दोनों की नियुक्ति को रद्द कर दिया और उसे कानून के विरुद्ध बता दिया। हाईकोर्ट के रुख के बाद से ही ये पद रिक्त पड़े थे, जिस पर अब नए सदस्यों का चुनाव कराया जा रहा है। विपक्षी पार्षदों का मुख्य इरादा यही है कि नगर निगम कानून और नियमों के तहत पारदर्शी तरीके से सीक्रेट बैलेट से चुनाव करवाए, ताकि F&CC जैसी महत्वपूर्ण समिति में चुने जाने वाले प्रतिनिधि निष्पक्ष रूप से शहर के विकास कार्यों पर नजर रख सकें।