दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे 34 अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन सेवाएं चलाएगा। रानी कमलापति-दानापुर के बीच 22 और सोगरिया-दानापुर के बीच 12 सेवाएं संचालित होंगी।

Festival Special Trains

दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा पर यात्रियों की सुविधा के लिए पश्चिम मध्य रेलवे 34 अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन सेवाएं चलाएगा।

  • Published: 19 Sep 2026, 12:28 PM IST
  • Last Updated: 19 Sep 2026, 12:28 PM IST

भोपाल। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा के दौरान बढ़ने वाले यात्री यातायात को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे ने 34 अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन सेवाएं चलाने का फैसला किया है। इनमें रानी कमलापति-दानापुर के बीच द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की 22 सेवाएं और सोगरिया-दानापुर के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की 12 सेवाएं शामिल हैं। इन ट्रेनों के संचालन के बाद त्योहारों के दौरान पश्चिम मध्य रेलवे से कुल 100 स्पेशल ट्रेन सेवाएं संचालित होंगी।

रानी कमलापति-दानापुर के बीच 22 सेवाएं

गाड़ी संख्या 01667 रानी कमलापति-दानापुर द्वि-साप्ताहिक स्पेशल प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को 12 अक्टूबर से 16 नवंबर 2026 तक चलेगी। यह ट्रेन रानी कमलापति स्टेशन से दोपहर 2:25 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 9:15 बजे दानापुर पहुंचेगी। इस दिशा में कुल 11 सेवाएं होंगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 01668 दानापुर-रानी कमलापति द्वि-साप्ताहिक स्पेशल प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को 13 अक्टूबर से 17 नवंबर 2026 तक चलेगी। यह ट्रेन दानापुर से सुबह 11:20 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10:50 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी। इस दिशा में भी 11 सेवाएं संचालित होंगी।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

दोनों दिशाओं में ट्रेन का ठहराव नर्मदापुरम, इटारसी जंक्शन, पिपरिया, गाडरवारा, नरसिंहपुर, जबलपुर, सिहोरा रोड, कटनी जंक्शन, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, बक्सर और आरा स्टेशनों पर होगा।

इस स्पेशल ट्रेन में वातानुकूलित, शयनयान और सामान्य श्रेणी के कुल 24 ICF कोच रहेंगे।

सोगरिया-दानापुर के बीच 12 सेवाएं

गाड़ी संख्या 09823 सोगरिया-दानापुर साप्ताहिक स्पेशल प्रत्येक शनिवार को 10 अक्टूबर से 14 नवंबर 2026 तक चलेगी। ट्रेन सोगरिया से रात 11:10 बजे रवाना होकर दूसरे दिन रात 11:45 बजे दानापुर पहुंचेगी। इस दिशा में 6 सेवाएं होंगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 09824 दानापुर-सोगरिया साप्ताहिक स्पेशल प्रत्येक सोमवार को 12 अक्टूबर से 16 नवंबर 2026 तक चलेगी। यह ट्रेन दानापुर से रात 1:15 बजे रवाना होकर दूसरे दिन सुबह 3:45 बजे सोगरिया पहुंचेगी। इस दिशा में भी 6 सेवाएं संचालित होंगी।

इन स्टेशनों से भी मिलेगी सुविधा

सोगरिया-दानापुर स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में बारां, सालपुरा, छाबड़ा गुगोर, रुठियाई, गुना, अशोकनगर, सागर, दमोह, कटनी जंक्शन, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, बक्सर और आरा स्टेशनों पर रुकेगी।

इस ट्रेन में वातानुकूलित, शयनयान और सामान्य श्रेणी के कुल 22 LHB कोच उपलब्ध रहेंगे।

नियमित ट्रेनों में कम होगा यात्री दबाव

पश्चिम मध्य रेलवे के अनुसार, त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए इन अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। इससे नियमित ट्रेनों में यात्री भार कम करने और त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से इन अतिरिक्त ट्रेनों का लाभ उठाने की अपील की है। भोपाल रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया का कहना है कि ट्रेन के ठहराव और विस्तृत समय-सारिणी की जानकारी NTES ऐप या भारतीय रेल की ट्रेन पूछताछ सेवा से ली जा सकती है।