परिवार के जरूरी वित्तीय दस्तावेज एक जगह व्यवस्थित रखना बेहद जरूरी है। बैंक रिकॉर्ड, बीमा, निवेश, प्रॉपर्टी-लोन के कागज और वसीयत सुरक्षित रखने से आपात स्थिति में परिवार को परेशानी नहीं होगी।

financial documents importance

financial documents importance

  • Published: 09 Aug 2026, 08:54 PM IST
  • Last Updated: 09 Aug 2026, 08:54 PM IST

जिंदगीभर कमाई और निवेश करने के बाद भी कई परिवार अपने जरूरी वित्तीय दस्तावेजों को व्यवस्थित नहीं रखते। बीमा पॉलिसी, बैंक खाते, म्यूचुअल फंड, एफडी, पीपीएफ या प्रॉपर्टी के कागज अलग-अलग जगह पड़े रहते हैं।

ऐसे में अचानक बीमारी, दुर्घटना या परिवार के किसी सदस्य की मौत होने पर पैसे और निवेश से जुड़े रिकॉर्ड ढूंढना मुश्किल हो सकता। इसलिए परिवार के जरूरी वित्तीय दस्तावेज एक जगह व्यवस्थित रखना बेहद जरूरी है।

पहचान और बैंक से जुड़े दस्तावेज
आधार, पैन, पासपोर्ट, वोटर आईडी जैसे पहचान पत्रों की कॉपी एक जगह रखें। इसके साथ सभी बैंक खातों की जानकारी, पासबुक, चेकबुक, अकाउंट नंबर और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर की सूची भी रखें। बंद हो चुके खातों के पुराने दस्तावेज अलग कर दें, ताकि परिवार को भ्रम न हो।

सभी बीमा पॉलिसियों का रिकॉर्ड
लाइफ, हेल्थ, मोटर और होम इंश्योरेंस के दस्तावेज एक फोल्डर में रखें। इसमें पॉलिसी नंबर, प्रीमियम की रसीद और बीमा कंपनी का संपर्क नंबर भी शामिल होना चाहिए। सबसे जरूरी है कि हर पॉलिसी में नॉमिनी की जानकारी सही और अपडेट हो। परिवार को यह भी पता होना चाहिए कि कौन-कौन सी पॉलिसी चल रही है।

निवेश से जुड़े रिकॉर्ड
म्यूचुअल फंड, एफडी, शेयर, पीपीएफ, एनपीएस, ईपीएफ और पोस्ट ऑफिस सेविंग्स अलग-अलग जगह हो सकती हैं। इनका एक रिकॉर्ड बनाकर रखें। इसमें फोलियो नंबर, अकाउंट नंबर और संबंधित बैंक या संस्था की जानकारी शामिल करें। यह रिकॉर्ड डिजिटल फाइल या सामान्य फोल्डर में भी रखा जा सकता है।

प्रॉपर्टी और लोन के कागज
प्रॉपर्टी से जुड़े सेल डीड, रजिस्ट्रेशन पेपर, पजेशन लेटर और प्रॉपर्टी टैक्स की रसीद सुरक्षित रखें। अगर होम लोन चल रहा है तो उसकी लेटेस्ट स्टेटमेंट भी साथ रखें। वाहन, एजुकेशन या दूसरे लोन की जानकारी में बकाया राशि, लेंडर और ईएमआई की जानकारी दर्ज होनी चाहिए।

इसके अलावा अगर आपने वसीयत बनाई है तो परिवार के किसी भरोसेमंद सदस्य को उसके मूल दस्तावेज की जगह जरूर पता होनी चाहिए। 

वित्तीय दस्तावेजों को व्यवस्थित करना एक बार का काम नहीं है। साल में कम से कम एक बार रिकॉर्ड की समीक्षा करें, पुराने कागज हटाएं और नई जानकारी जोड़ें। साथ ही परिवार के किसी भरोसेमंद सदस्य को बताएं कि जरूरी दस्तावेज कहां रखे हैं। थोड़ी सी तैयारी भविष्य में परिवार को महीनों की परेशानी से बचा सकती है।

(प्रियंका कुमारी)