
भारतीय कोच के खिलाफ FIR हुई दर्ज. (फोटो- X)
Puducherry Cricket Controversy: क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ पुडुचेरी (CAP) के अंडर-19 कोच एस वेंकटरमण की मुश्किलें बढ़ गई हैं. पुडुचेरी के एक ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के आदेश के बाद पुलिस ने वेंकटरमण के खिलाफ FIR दर्ज की है. यह मामला आठ महीने पुराने उस विवाद से जुड़ा है, जब सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सेलेक्शन न होने के आरोप को लेकर कोच और खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस और मारपीट हुई थी.
क्या है पूरा मामला और खिलाड़ियों का आरोप?
दरअसल, दिसंबर 2025 में सेदारपेट स्थित सीएपी (CAP) परिसर के इनडोर ट्रेनिंग फैसिलिटी में एक हिंसक घटना घटी थी. उस वक्त कोच एस वेंकटरमण ने आरोप लगाया था कि रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी जे कार्तिकेयन, ए अरविंदराज और एस संतोष कुमारन ने टीम में सेलेक्शन न होने का जिम्मेदार ठहराते हुए उन पर हमला किया, जिससे उन्हें सिर और कंधे में गंभीर चोटें आई थीं. इसके बाद पुलिस ने तीनों खिलाड़ियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था और अप्रैल 2026 में सीएपी ने उन्हें बैन भी कर दिया था.
हालांकि, इस घटना के बाद 32 साल के क्रिकेटर जे कार्तिकेयन ने भी सेदारपेट पुलिस में कोच के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. कार्तिकेयन का आरोप था कि प्रैक्टिस के दौरान कोच वेंकटरमण ने उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, बल्ला उठाकर हमला किया और स्थिति को बिगाड़ा. कार्तिकेयन के मुताबिक, खिलाड़ियों ने कोई जानबूझकर हमला नहीं किया था, बल्कि बचाव में घटना हुई.
अब कोच की बढ़ी मुश्किलें
पुलिस की खिलाड़ियों की शिकायत पर लंबे समय तक कोई कार्रवाई न किए जाने के बाद कार्तिकेयन ने पुडुचेरी के ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट-IV की अदालत का दरवाजा खटखटाया. कोर्ट के आदेश मिलने के बाद पिछले हफ्ते सेदारपेट पुलिस ने कोच एस वेंकटरमण के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. खिलाड़ियों के वकील के मुताबिक, उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और CAP से भी मामले की निष्पक्ष जांच करने और कोच को तुरंत बैन करने की मांग की है.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More