Dehradun News: उत्तराखंड के देहरादून में महिला जज को किडनैप करने की कोशिश का गंभीर मामला सामने आया है. यह आरोपह शहर में तैनात अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश अंजलि बेंजवाल ने लगाए हैं और इस बारे में उन्होंने डालनावाला पुलिस थाने में FIR भी दर्ज करवाई है. यह कैब ड्राइवर रैपिडो का था. प्राथमिक रिपोर्ट में रैपिडो चालक पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115 (2), धारा 127(2), धारा 308 (3), धारा 351(2) और धारा 352 के तहत मामला दर्ज किया गया है.

अपनी शिकायत में महिला जज ने आरोप लगाते हुए बताया है कि  उन्होंने 21 अक्टूबर को कैब बुक की थी. इसी दौरान आरोपी चालक ने AC चलाने के नाम पर पहले तो तय किराये से दोगुने ज्यादा पैसे मांगे और जब उन्होंने ऐसा करने से इनकार किया, तो वह कैब को किसी सुनसान रास्ते पर ले गया.

अंधेरी गली में लेकर पहुंचा ड्राइवर

पुलिक के पास दर्ज शिकायत के अनुसार, महिला जज ने बताया कि ड्राइवर कम से कम उन्हें 9 किलोमीटर की राइड के लिए दोगुने किराये की मांग कर रहा था. जब उन्होंने मना किया तो, कैब चालक उन्हें एक सुनसान और अंधेरी गली में ले गया. इसके बाद उसने उन्हें धमकी दी और पुलिस में उनकी जान-पहचान होने की बड़ी-बड़ी बाते हांकने लगा. इसके साथ राइड कैंसिल करने के लिए भी बाध्य करने लगा. जज ने बताया कि तभी उन्होंने गाड़ी में बैठे-बैठे ही अपने कोर्ट मोहर्रिर को फोन लगाया और उसे बताया कि कैब ड्राइवर उन्हें कहीं ले जा रहा है. इसके बाद उसने कहा कि मैं तुझे अभी मजा चखाता हूं, तू महिला है ना, मेरी पुलिस में अच्छी जान-पहचान है, मैं तुझे अभी ठीक करता हूं. वह जज को धमकियां देने लगा. जज कॉलोवी पहुंचने पर, उसने वहां के गार्ड को भी धमकी दी. इसके बाद उसे पुलिस अपने साथ लेकर चली गई.

यह भी पढ़ें: पुलिस स्मृति दिवस पर CM धामी का बड़ा एलान, 1600 खाली पदों पर जल्द शुरू होगी भर्ती, देहरादून में शहीदों को दी श्रद्धांजलि

बंद गली देख घबराया ड्राइवर

जज का कहना है कि जब ड्राइवर को लगा कि गली आगे बंद है, तो वह बाहर निकला और मैं अंदर ही बैठी रही. इसने किसी को फोन लगाया और गाड़ी को बाहर की तरफ लाने लगा. इसके बाद उसने गाड़ी को गली से बाहर निकाला और किसी के साथ बात करने लगा. उस दौरान जज के कोर्ट मोहर्रिर ने थाने में बात कर ली थी.

जजेज कॉलोनी के गेट पर किया हंगामा

महिला जज के अनुसार, रैपिडो चालक अपनी गाड़ी लेकर जजेज कॉलोनी के गेट के बाहर पहुंचा और वहां उसने राइड कैंसिल कर दी. इसके बाद जब कॉलोनी में तैनात गार्ड थपलियाल ने उससे पूछताछ की, तो चालक ने कथित तौर पर उसे भी धमकी दी. शिकायत के मुताबिक, चालक ने वहां हंगामा करते हुए पुलिस में अपनी अच्छी जान-पहचान होने की बात कही. इस दौरान उसने आसपास के गली-मोहल्ले के लोगों को भी इकट्ठा कर लिया. घटना की जानकारी मिलने पर कोर्ट मोहर्रिर की सूचना के आधार पर थाने से चीता पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई. इसके बाद पुलिस कैब ड्राइवर को पकड़कर थाने ले गई.

'मुझे इससे बहुत डर लग रहा है'

महिला जज ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि रैपिडो चालक ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें सुनसान, अंधेरी गली में ले जाकर किडनैप करने की कोशिश की. उन्होंने यह भी बताया कि उस बंद गली में चालक ने उन्हें धमकी दी. महिला जज के मुताबिक, इस घटना के बाद वह काफी डरी हुई हैं और उन्हें चालक के इरादों को लेकर गंभीर आशंका भी है. उन्होंने शिकायत में अपनी सुरक्षा को लेकर डर जाहिर किया है.

'अब तो इसने मेरे घर का पता भी देख लिया है'

महिला जज का कहना है कि घर की सुरक्षा को लेकर भी चिंतित हैं. उनका कहना है कि आरोपी चालक उनके घर का पता देख चुका है, ऐसे में उन्हें आशंका है कि वह भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना कर सकता है. उन्होंने आरोप लगाया कि चालक ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड के साथ भी विवाद किया और उन्हें धमकाया. महिला जज ने कहा कि वह इस घटना से काफी भयभीत हैं और उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है. उन्होंने पुलिस से मामले में उचित कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.

फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों और पुलिस की आगे की कार्रवाई से जुड़ी आधिकारिक जानकारी के आधार पर ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

ये भी पढ़ें- CM धामी का बड़ा फैसला, उत्तराखंड में मदरसों के लिए बदले नियम, अब रविवार को रहेगा साप्ताहिक अवकाश