अगर आपने अपने फोन या लैपटॉप के चार्जर पर GaN लिखा देखा है, तो यह कोई साधारण शब्द नहीं है. GaN यानी गैलियम नाइट्राइड एक नई चार्जिंग तकनीक है, जो पुराने सिलिकॉन चार्जर के मुकाबले ज्यादा पावर, बेहतर एफिशिएंसी और छोटा साइज देती है. यही वजह है कि आज कई कंपनियां अपने फास्ट चार्जर में इस तकनीक का इस्तेमाल कर रही हैं. आइए जानते हैं कि GaN चार्जर कैसे काम करता है और यह नॉर्मल चार्जर से कितना अलग है.

क्या है GaN तकनीक और कैसे करती है काम

GaN का पूरा नाम गैलियम नाइट्राइड है. यह एक एडवांस सेमीकंडक्टर मटेरियल है, जो पुराने सिलिकॉन की तुलना में ज्यादा वोल्टेज और तापमान को आसानी से संभाल सकता है. इसी वजह से GaN चार्जर बिजली को ज्यादा तेजी और कम नुकसान के साथ डिवाइस तक पहुंचाते हैं. जहां सामान्य सिलिकॉन चार्जर करीब 85 से 90 प्रतिशत एफिशिएंसी के साथ काम करते हैं, वहीं GaN चार्जर लगभग 95 प्रतिशत दक्षता तक पहुंच सकते हैं. इससे चार्जिंग तेज होती है और बिजली की बर्बादी भी कम होती है.

नॉर्मल चार्जर से क्यों है ज्यादा खास

GaN तकनीक की सबसे बड़ी खासियत इसका छोटा साइज और ज्यादा पावर है. यह कम गर्म होती है, इसलिए इसमें बड़े कूलिंग पार्ट्स की जरूरत नहीं पड़ती. यही कारण है कि छोटा दिखने वाला GaN चार्जर भी स्मार्टफोन, टैबलेट और लैपटॉप जैसे बड़े डिवाइस को आसानी से चार्ज कर सकता है. अगर आपके पास 160W का GaN चार्जर है, तो उससे एक साथ कई डिवाइस चार्ज किए जा सकते हैं. ट्रैवल के दौरान भी अलग-अलग चार्जर साथ रखने की जरूरत नहीं पड़ती.

महंगा क्यों होता है GaN चार्जर

GaN चार्जर बनाने की प्रक्रिया सामान्य सिलिकॉन चार्जर की तुलना में ज्यादा जटिल होती है. इसके अंदर इस्तेमाल होने वाले सर्किट और सुरक्षा पार्ट्स भी महंगे होते हैं, जिससे इसकी कीमत बढ़ जाती है. जहां एक सामान्य 15W चार्जर 500 से 1,000 रुपये के बीच मिल सकता है, वहीं GaN चार्जर के लिए करीब 2,500 रुपये या उससे ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है. हालांकि अगर आपके पास सिर्फ बेसिक फोन है, जो 5W से 15W चार्जिंग सपोर्ट करता है, तो महंगा GaN चार्जर खरीदना जरूरी नहीं है. लेकिन अगर आप फोन, टैबलेट और लैपटॉप जैसे कई फास्ट चार्जिंग डिवाइस इस्तेमाल करते हैं, तो यह तकनीक आपके लिए बेहतर विकल्प साबित हो सकती है.

ये भी पढ़ें: गूगल को वापस लेना पड़ा नया AI फीचर, फेक सैटेलाइट तस्वीरें बनने के बाद लिया बड़ा फैसला

विशाल मैथिल

विशाल मैथिल

भोपाल के रहने वाले हैं. कम्प्यूटर साइंस में ग्रेजुएशन और मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद डिजिटल मीडिया में कदम रखा. दैनिक भास्कर से शुरुआत हुई. इसके बाद टाइम्स नाउ नवभारत और अमर उजाला जैसे संस्थान में टेक जर्नलिस्ट के दौर पर करने के बाद TV9 भारतवर्ष से जुड़े हैं. सोशल मीडिया कैंपेन को लीड करने और हिंदी मैग्जीन में भी काम करने का मौका मिला. फिलहाल टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी और स्मार्टफोन की खबरें आप तक आसान भाषा में पहुंचाने का काम कर रहे हैं. गैजेट्स कंपेरिजन, गैजेट्स रिव्यूज और मोबाइल रिचार्ज जैसे टॉपिक्स पर भी अच्छी पकड़ रखते हैं. रिसर्च, एक्‍सप्‍लेनर, डाटा स्‍टोरी और इंफोग्राफिक्स के साथ जटिल खबरों को आसानी से कहने और टेक जगत की छोटी-बड़ी अपडेट आप तक पहुंचाने का हुनर रखते हैं. गैजेट्स के अलावा किताबों और म्यूजिक में भी खूब मन लगता है.

Read More

google button