Aug 11, 2026 09:24 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान, रावलपिंडी

Follow us on Google News

share

रावलपिंडी में पाकिस्तान आर्मी के जनरल हेडक्वार्टर के मुख्य द्वार के पास मंगलवार को एक हमलावर ने अचानक हमला बोल दिया। ताबड़तोड़ फायरिंग के दौरान एक जवान की मौत हो गई, जबकि दो सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं। सुरक्षा बलों ने हमलावर को मौके पर ही मार गिराया।

pakistan ghq rawalpindi

पाकिस्तान आर्मी के जनरल हेडक्वार्टर

पाकिस्तान से बड़ी खबर सामने आई है। खबर है कि रावलपिंडी स्थित आर्मी के जनरल हेडक्वार्टर (GHQ) के मेन गेट के बाहर गोलीबारी हुई है। बताया जा रहा है कि भारी हथियारों से लैस एक हमलावर ने एंट्री चेकपॉइंट पर अचानक हमला बोल दिया, जिसके बाद दनादन गोलीबारी शुरू हो गई। इस घटना के तुरंत बाद मौके पर जवान अलर्ट हो गए और पूरे इलाके को घेर लिया। बताया जा रहा है कि हमलावर मंगलवार सुबह के व्यस्त समय में मुख्य गेट के पास पहुंचा और अचानक चेकपॉइंट पर फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात गार्ड्स ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की। ऑटोमैटिक हथियारों से हुई भीषण गोलीबारी के दौरान पाकिस्तान आर्मी का एक जवान ड्यूटी पर मारा गया। दो अन्य सुरक्षाकर्मी भी गंभीर रूप से घायल हुए। उन्हें तुरंत मिलिट्री हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि सुरक्षा बलों ने हमलावर को मौके पर ही मार गिराया। इससे वह जीएचक्यू कॉम्प्लेक्स के अंदर घुसने में सफल नहीं हो सका। रिपोर्ट्स और मौके पर बरामद सामान की जांच से संकेत मिलते हैं कि हमलावर उच्च सुरक्षा वाले सैन्य ठिकाने पर बड़े पैमाने का आत्मघाती हमला करने की योजना बना रहा था। उसके पास छिपाए हुए विस्फोटक पदार्थ होने की आशंका जताई गई है, जिनका उद्देश्य हाई-इम्पैक्ट सुसाइड स्ट्राइक करना था।

घटना के तुरंत बाद एलीट काउंटर-टेररिज्म इकाइयों, स्पेशल फोर्सेज और नियमित सैन्य टुकड़ियों ने पूरे जीएचक्यू जोन तथा आसपास की सड़कों को पूरी तरह घेर लिया। रावलपिंडी गैरीसन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सर्च एंड स्वीप ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां संभावित सहयोगियों या छिपे हुए नेटवर्क की मौजूदगी का पता लगाने के लिए घर-घर और इलाके की गहन तलाशी ले रही हैं। सड़कों पर अतिरिक्त चेकपॉइंट लगाए गए हैं, यातायात पूरी तरह नियंत्रित कर दिया गया है और आम नागरिकों को अनावश्यक आवाजाही से परहेज करने की सलाह दी गई है।

वहीं घटना के बाद फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचीं और हमलावर के शरीर, उसके कपड़ों तथा बरामद हथियारों व अन्य सामान की विस्तृत जांच कर रही हैं। इनसे उसकी पहचान, पृष्ठभूमि और संभावित विचारधारा का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। खुफिया एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि हमलावर किसी संगठित आतंकी समूह से जुड़ा था या अकेला काम कर रहा था। फिलहाल घटनास्थल को सील कर दिया गया है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।