Gold Silver prices: अमेरिका-ईरान तनाव और सुरक्षित निवेश की मांग के बीच एमसीएक्स पर सोना बढ़कर 144500 रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब पहुंच गया। चांदी भी तेजी के साथ 225000 रुपये प्रति किलोग्राम के ऊपर कारोबार करती दिखी।
gold rate todays high
- Published: 22 Jul 2026, 08:32 PM IST
- Last Updated: 22 Jul 2026, 08:35 PM IST
Gold Silver prices: अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ते जियो पॉलिटिकल टेंशन के बीच सोने और चांदी की कीमतों में बुधवार को जोरदार तेजी देखने को मिली। घरेलू बाजार में सोने का भाव करीब 2 हफ्ते के उच्च स्तर पर पहुंच गया।
एमसीएक्स पर सोने की कीमत 144500 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई, जबकि चांदी भी बढ़त के साथ 225109 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती नजर आई। अमेरिका-ईरान तनाव के बीच निवेशकों का रुझान सुरक्षित निवेश यानी सेफ हेवन एसेट्स की ओर बढ़ने से बुलियन मार्केट को सपोर्ट मिला।
MCX पर सोने-चांदी में तेजी
एमसीएक्स पर अगस्त कॉन्ट्रैक्ट का सोना 1.35 फीसदी बढ़कर 144875 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया। वहीं सितंबर कॉन्ट्रैक्ट की चांदी 0.69 फीसदी की तेजी के साथ 225334 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
कॉमेक्स पर गोल्ड का भाव 1.17 फीसदी चढ़ा
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं में तेजी रही। कॉमेक्स पर सोने का भाव 1.17 फीसदी बढ़कर 4,123.90 डॉलर प्रति औंस हो गया। चांदी करीब 60 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई, जिसमें पिछले सत्र के मुकाबले 1.07 फीसदी की बढ़त रही।
इस महीने सोने ने 3 जुलाई को 147378 रुपये प्रति 10 ग्राम का उच्च स्तर छुआ था। इसके बाद इसमें मुनाफावसूली देखने को मिली और 13 जुलाई के आसपास कीमत करीब 1.40 लाख रुपये तक आ गई थी। अब निचले स्तरों से खरीदारी लौटने के कारण सोने की कीमतों में फिर तेजी आई है।
यूएस-ईरान तनाव से बढ़ी सोने की डिमांड
बुलियन एक्सपर्ट्स के मुताबिक, सोने में तेजी की प्रमुख वजह निचले स्तरों पर नई खरीदारी के अलावा रुपये में कमजोरी और भू-राजनीतिक तनाव के कारण बढ़ी सुरक्षित निवेश की मांग है। उन्होंने कहा कि डॉलर इंडेक्स करीब 101 के स्तर पर स्थिर है और मौजूदा तनाव ने बुलियन की कीमतों में मामूली वॉर प्रीमियम भी जोड़ा है।
इस बीच भारतीय रुपया 34 पैसे कमजोर होकर 96.59 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ। कच्चे तेल की कीमत करीब 94 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंचने और भू-राजनीतिक अनिश्चितता बढ़ने से रुपये पर दबाव बना रहा।
अब फेडरल रिजर्व की बैठक पर नजर
निवेशकों की नजर अब 29 जुलाई को होने वाली अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक पर है। ब्याज दरों को लेकर फेड का रुख सोने की अगली दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है। वहीं, मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और महंगे तेल के कारण महंगाई को लेकर भी बाजार की चिंता बढ़ी है।
गोल्ड-सिल्वर का अगला टारगेट क्या?
ऑगमेंट बुलियन के मुताबिक, अगर सोना 4000 डॉलर (करीब 141000 रुपये) के नीचे जाता है तो यह 3900 डॉलर (करीब 138000 रुपये) तक फिसल सकता है। वहीं, 4200 डॉलर के ऊपर टिकने पर सोना 4500 डॉलर (करीब 155000 रुपये) तक जा सकता है।
चांदी के लिए 63 डॉलर (करीब 235000 रुपये) के ऊपर मजबूत तेजी इसे 70-71 डॉलर (करीब 251000-255000 रुपये) तक ले जा सकती है। दूसरी ओर, 55 डॉलर (करीब 214000 रुपये) से नीचे टूटने पर चांदी 50 डॉलर (करीब 200000 रुपये) तक गिर सकती है।
(प्रियंका कुमारी)