
सलमान खान और गोविंदा (पार्टनर फिल्म की तस्वीर)
Govinda On Salman Khan: गोविंदा और सलमान एक वक्त पर काफी करीबी दोस्त हुआ करते थे. उन्होंने ‘दीवाना मस्ताना’, सलाम-ए-इश्क और पार्टनर जैसी फिल्मों में साथ काम किया. हालांकि पार्टनर काफी चली थी और गोविंदा और सलमान के काम को काफी पसंद किया गया था. अब गोविंदा ने उस दौर के बारे में बात करते हुए बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि ‘पार्टनर’ करने के दौरान उन्होंने सलमान से कहा था कि तू इस फिल्म का हीरो है, पर हीरो लगता नहीं है. इसके अलावा उन्होंने ये भी बताया कि उन्होंने सलमान को सलाह दी थी, जिसे मानकर उन्होंने इंडस्ट्री पर 10 साल राज किया.
गोविंदा ने एएनआई के पॉडकास्ट में सलमान पर बात की. जब उनसे सवाल हुआ कि क्या आपने सलमान खान को भी स्टाइलिंग टिप्स दिए थे? इस पर गोविंदा ने कहा, “सलमान बहुत दुख में थे, तकलीफ में थे. और जिसे अपने आप से तकलीफ हो, प्रेम से हो, या उम्मीदों से हो, अपेक्षाओं से हो. अब उसका इलाज किसी और के पास नहीं होता. उसका चेहरा उतर गया था. मुझे लगा कि मुझे उन्हें ये कहना चाहिए. सत्य से अवगत करवाएं, बैठे साथ में एक ड्रिंक (शराब) करेंगे. ड्रिंक करने के दौरान मैंने उन्हें कहा, ‘सलमान बहुत बाहर देख लिया अब थोड़ा सा अपनी तरफ देखिए आप.’ जब मैं राजनीति से बाहर निकला तो 114 किलो का था. मैंने कहा कि जब तक मैं कम करूंगा (वजन), तब तक तो मैं कैरेक्टर एक्टर ही हूं ना. मैं तो वैसे ही किरदार निभाऊंगा, जैसा निभा रहा था उस पिक्चर में. पार्टनर में. कॉमेडी कर रहा था मैं.”
“तू हीरो है, पर लगता नहीं”
गोविंदा दावा करते हुए कहते हैं, “मैंने कहा हीरो तो तू है, पर तू लगता नहीं है…मैंने कहा कि तू लगता नहीं है. दुखी लग रहा है…बीमार है. इससे बाहर निकल.” गोविंदा ने बताया कि सलमान खान ने उनसे पूछा कि क्या करूं? इस पर गोविंदा ने उन्हें सलाह देते हुए कहा, “मैंने कहा दो-तीन घंटे एक्सरसाइज कर. धर्मेंद्र की तरह नज़र आ. तू अकेला ऐसा हीरो है, जिसे ऊपर वाले ने मां-बाप दिए हैं, भाई-बहन दिए हैं, चेहरा दिया है, पर्सनालिटी दी है. धर्मेंद्र के बाद तू एकलौता ऐसा एक्टर है, जिसमें वो ऑरा है, जिसे लोग देख लें तो कहें वाह, क्या हसीन हीरो है.”
सलमान पर की थी ये भविष्यवाणी
गोविंदा ने बताया कि सलमान ने उनकी सलाह मानी और खुद पर काम किया. वो दावा करते हुए कहते हैं, “उसने किया. मैं ये कहूंगा कि वो कर सकता था, तो उसने किया. मैंने उससे कहा था कि तू 10 साल राज करेगा और उसने 10 साल राज किया (सिनेमा पर).”

मोहम्मद आसिफ
मोहम्मद आसिफ टीवी9 हिंदी डॉट कॉम में नवंबर 2022 से एंटरटेनमेंट सेक्शन के हेड के तौर पर अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं. वो एंटरटेनमेंट जगत से जुड़ी हलचल पर पैनी नजर रखते हैं. सिनेमा और सितारों में आसिफ खास दिलचस्पी रखते हैं. आसिफ को नई नई वेब सीरीज और फिल्में देखना काफी पसंद है. टीवी9 हिंदी डॉट कॉम से पहले आसिफ एबीपी न्यूज़ की हिंदी वेबसाइट में एबीपी लाइव डॉट कॉम में काम कर रहे थे. एबीपी लाइव डॉट कॉम में आसिफ ने करीब साढ़े 6 साल तक काम किया है. साल 2016 में बतौर ट्रेनी जर्नलिस्ट आसिफ ने एबीपी न्यूज की वेबसाइट से ही अपने करियर की शुरुआत की थी. एबीपी में आसिफ ने एंटरटेनमेंट सेक्शन संभाला. इसके अलावा वहां होम पेज और स्पोर्ट्स सेक्शन में भी उन्होंने काम किया. आसिफ ने दिल्ली के इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मास कम्यूनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है. इससे पहले उन्होंने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से मास मीडिया में ग्रैजुएशन की डिग्री हासिल की. आसिफ ने स्कूल की पढ़ाई भी देश की राजधानी दिल्ली से ही की है. उन्हें को क्रिकेट खेलना, ओटीटी पर कंटेंट देखना, परिवार और दोस्तों के साथ वक्त बिताना पसंद है.
Read More