Greater Noida Fire Case: ग्रेटर नोएडा में इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने वाली एक कंपनी में आग लग गई। इस हादसे में राहत और बचाव कार्य के दौरान 2 फायरमैन की मौत हो गई है। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
ग्रेटर नोएडा में लगी आग।
- Published: 04 Aug 2026, 11:15 AM IST
- Last Updated: 04 Aug 2026, 11:15 AM IST
Greater Noida Fire Case: ग्रेटर नोएडा से भीषण अग्निकांड का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां पर इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने वाली 'ILGIM कंपनी में सोमवार देर रात आग लग गई। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई।
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि आग बुझाने के दौरान 5 फायरकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसमें 2 फायरमैन की मौत हो गई। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
5 फायर सर्विस कर्मी घायल हुए
जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 इलाके का बताया जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस इलाके में स्थित ILGIM कंपनी, जहां इलेक्ट्रॉनिक चिप्स बनाई जाती है, यहां देर रात आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गई। जिसके बाद राहत बचाव कार्य शुरू किया गया। फायर ब्रिगेड टीम ने आग पर तो काबू पा लिया, लेकिन आग बुझाने के दौरान ही कंपनी की एक तरफ की दीवार और छत का लोहे का बीम अचानक भरभराकर दमकलकर्मियों पर गिर गया। इसकी चपेट में आने से 5 फायर सर्विस कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
#WATCH ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश: DCP सेंट्रल शैलेंद्र कुमार सिंह ने दो फायर कर्मियों की मौत पर कहा, "बीती रात थाना इको टेक 3 के अधिकार क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने वाली एक कंपनी में आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर टेंडर की टीमें मौके पर पहुंचीं… pic.twitter.com/uXeWjjteXA
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 4, 2026
आग लगने के कारणों की जांच
घटनास्थल पर मौजूद साथी कर्मचारियों और पुलिस ने तुरंत सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने टीम ने उनका इलाज शुरू कर दिया। लेकिन इलाज के दौरान फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं घायल अन्य 3 कर्मियों में मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार और फायरमैन अमित कुमार का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी हालत अब खतरे से बाहर है। फिलहाल घटनास्थल पर पुलिस अधिकारी और SDRF की टीम मौजूद है। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।