
गयाना अमेजन वारियर्स फिर बनी चैंपियन. (फोटो- X/GPL)
Guyana Amazon Warriors vs San Francisco Unicorns: ग्लोबल सुपर लीग 2026 के खिताबी मुकाबले में गयाना अमेजन वारियर्स ने चमत्कारी प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया. मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 85 रनों पर सिमटने के बावजूद गयाना ने सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स को 79 रनों पर ऑलआउट कर दिया और 6 रनों से रोमांचक जीत दर्ज करते हुए लगातार दूसरी बार GSL का खिताब अपने नाम कर लिया. यह किसी भी टी20 टूर्नामेंट के फाइनल में डिफेंड किया गया अब तक का सबसे छोटा स्कोर है. दोनों टीमों ने मिलकर इस मैच में कुल 164 रन बनाए, जो किसी भी टी20 फ्रेंचाइजी लीग के फाइनल का सबसे कम मैच एग्रीगेट का रिकॉर्ड भी है.
29 रन पर गिर चुके थे 8 विकेट
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गयाना अमेजन वारियर्स की शुरुआत काफी खराब रही. पीटर सिडल की घातक गेंदबाजी के सामने 6.2 ओवरों में सिर्फ 25 रन पर आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी. इसके बाद अनिरुद्ध इमैनुएल ने स्पिन का जादू चलाते हुए 4 ओवरों में सिर्फ 7 रन देकर 3 विकेट चटकाए. जिसके चलते एक समय गयाना की टीम 29 रनों पर 8 विकेट गंवाकर काफी शर्मनाक स्कोर पर ऑलआउट होने की कगार पर थी. लेकिन इसके बाद ड्वेन प्रिटोरियस और 10वें नंबर के बल्लेबाज मैथ्यू फोर्ड ने 41 रनों की अहम साझेदारी की. जिसके दम पर टीम 85 रन के स्कोर तक पहुंचने में सफल रही.
फिरकी में उलझी सैन फ्रांसिस्को
86 रनों के छोटे से टारगेट का पीछा करने उतरी सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स की शुरुआत भी झटकों के साथ हुई. प्रिटोरियस और गुडाकेश मोती ने 3 ओवर के अंदर ही 28 रन पर 3 झटके दिए. हालांकि, ओलिवर पीक ने 28 गेंदों में 31 रनों की जुझारू पारी खेलकर सैन फ्रांसिस्को को जीत के करीब पहुंचा दिया था. लेकिन इसके बाद मोहम्मद नबी और 47 साल के इमरान ताहिर ने मैच का पासा पूरी तरह पलट दिया, दोनों गेंदबाजों ने 2-2 विकेट चटकाए.
🔙 to 🔙 CHAMPIONS! 🏆 🇬🇾
The Guyana Amazon Warriors are 𝐆𝐒𝐋 𝐂𝐇𝐀𝐌𝐏𝐈𝐎𝐍𝐒 once again! 🇬🇾 x 🇺🇸#GSL3Final #GSLSuperWe #GSLT20 #GlobalSuperLeague #GAWvSFU pic.twitter.com/LnRe7PrMIE
— Global Super League (@gslt20) August 2, 2026
हेटमायर के डायरेक्ट हिट से खत्म हुआ मुकाबला
मैच के आखिरी पलों में सैन फ्रांसिस्को को जीत के लिए 10 गेंदों में 7 रन चाहिए थे और उनके हाथ में सिर्फ 1 विकेट बचा था. तभी कॉलमा स्टोव ने मैथ्यू फोर्ड की गेंद को मिड-ऑफ की तरफ धकेलकर रन चुराने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद शिमरोन हेटमायर ने बिना कोई गलती किए बॉलिंग एंड पर सटीक थ्रो मारकर गिल्लियां बिखेर दीं. इस रनआउट के साथ ही सैन फ्रांसिस्को की पूरी टीम 79 रनों पर सिमट गई और गयाना ने पिछले तीन सीजन में अपना दूसरा GSL खिताब उठा लिया.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More