मध्य प्रदेश के गुना में ऑनलाइन भुगतान के नाम पर दुकानदारों को ठगने वाले एक शातिर युवक का भंडाफोड़ हुआ है। विकास नगर निवासी आशु राजपूत को रविवार को बोहरा मस्जिद रोड स्थित ‘बादशाह प्रोविजन’ स्टोर पर कर्मचारियों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी नकली PhonePe ट्रांजेक्शन का स्क्रीनशॉट दिखाकर महंगे ड्राई फ्रूट्स और किराना सामान लेकर फरार हो जाता था।

नकली UPI स्क्रीनशॉट दिखाकर करता था ठगी

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आशु अपने 2-3 साथियों के साथ लाल रंग की बाइक पर शहर की अलग-अलग दुकानों पर पहुंचता था। वह पहले महंगे काजू, बादाम और अन्य प्रीमियम सामान की सूची तैयार करता, फिर भुगतान के नाम पर मोबाइल में एडिट किया हुआ UPI ट्रांजेक्शन का स्क्रीनशॉट दिखाता और सामान लेकर निकल जाता।

विज्ञापन

सर्वर डाउन का बहाना बनाकर जीतता था भरोसा

आरोपी की चालाकी यह थी कि दुकानदार को तुरंत कोई बैंक अलर्ट या साउंडबॉक्स की आवाज नहीं मिलती थी। ऐसे में वह सर्वर डाउन या नेटवर्क की समस्या का बहाना बनाकर दुकानदार का भरोसा जीत लेता और आराम से वहां से निकल जाता।

विज्ञापन

15 दिन पहले भी इसी दुकान को बनाया था निशाना

करीब 15 दिन पहले भी आशु इसी दुकान पर आया था। उस समय उसने करीब 10 से 12 हजार रुपये का सामान लिया था। दुकान संचालक अख्तर भाई को उस समय शक हुआ था क्योंकि भुगतान की पुष्टि करने वाली आवाज नहीं आई थी। हालांकि आरोपी ने बातों में उलझाकर मामला टाल दिया और वहां से चला गया।

दुकानदारों ने बनाई योजना, दूसरी बार पहुंचते ही दबोच लिया

पहली घटना के बाद दुकानदारों ने तय किया कि यदि आरोपी दोबारा दुकान पर आया तो उसे पकड़ लिया जाएगा। रविवार को आशु फिर उसी तरीके से दुकान पहुंचा। उसने एक बार फिर फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर सामान लेने की कोशिश की, लेकिन इस बार कर्मचारियों ने तुरंत उसे घेर लिया और दुकान से बाहर नहीं निकलने दिया। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार भी मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलते ही पुलिस ने किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसकी लाल रंग की बाइक भी जब्त कर ली है।

कई दुकानों को बना चुका है निशाना

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिछले करीब डेढ़ महीने से शहर की कई दुकानों को इसी तरीके से ठग रहा था। शुरुआती जांच में करीब 10 से 12 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस अब उसके फरार साथियों की तलाश कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शहर में और किन-किन दुकानों को इसी तरीके से निशाना बनाया गया।

पुलिस की दुकानदारों से अपील

सीएसपी आनंद राय ने दुकानदारों से अपील की है कि ऑनलाइन भुगतान स्वीकार करते समय केवल ग्राहक के स्क्रीनशॉट पर भरोसा न करें। भुगतान की पुष्टि साउंडबॉक्स, बैंक मैसेज या बैंक खाते में राशि आने के बाद ही करें। पुष्टि होने से पहले किसी भी ग्राहक को सामान न दें।