Jupiter Ketu Conjuction 2026: ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, ग्रहों की चाल और उनकी युति का असर सभी 12 राशियों के जीवन पर पड़ता है. साल 2026 में दिवाली से पहले 31 अक्टूबर को देवगुरु बृहस्पति और केतु की युति बनने जा रही है. इस दौरान गुरु कर्क राशि से निकलकर सिंह राशि में प्रवेश करेंगे, जहां केतु पहले से विराजमान हैं. सिंह राशि में दोनों ग्रहों के एक साथ आने से ये युति बनेगी. ज्योतिषीय मान्यताओं में इसे ध्वज योग कहा जाता है. देवगुरु बृहस्पति को ज्ञान, शिक्षा, धन, धर्म और सौभाग्य का कारक माना जाता है, जबकि केतु का संबंध आध्यात्मिकता, वैराग्य, मोक्ष और रहस्यमयी विषयों से जोड़ा जाता है.
ऐसे में गुरु-केतु की ये युति कुछ लोगों के लिए आध्यात्मिक उन्नति और जीवन में नए अवसरों के संकेत दे सकती है. हालांकि, कुछ ज्योतिषीय मान्यताओं में इस युति को गुरु-केतु दोष या गुरु चांडाल योग से भी जोड़ा जाता है. इसका असर कुंडली में ग्रहों की स्थिति और अन्य ज्योतिषीय कारकों पर निर्भर माना जाता है. गुरु और केतु की सिंह राशि में बनने वाली युति का असर सभी राशियों पर एक जैसा नहीं होगा. कुछ राशियों के लिए ये समय करियर, कारोबार, शिक्षा और आर्थिक स्थिति के लिहाज से अनुकूल रह सकता है. खासतौर पर मेष, सिंह, कन्या और धनु राशि के जातकों को इस युति से लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.
मेष राशि
मेष राशि के जातकों के लिए गुरु-केतु की युति अनुकूल परिणाम देने वाली मानी जा रही है. इस दौरान नौकरी और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के नए अवसर मिल सकते हैं. लंबे समय से रुके हुए काम गति पकड़ सकते हैं और आर्थिक मामलों में भी राहत मिलने की संभावना है. जो लोग नौकरी में बदलाव करना चाहते हैं या अपनी पढ़ाई में बेहतर परिणाम पाने के लिए मेहनत कर रहे हैं, उन्हें सकारात्मक अवसर मिल सकते हैं. हालांकि, सफलता पाने के लिए मेहनत और सही फैसलों पर ध्यान देना जरूरी होगा.
सिंह राशि
सिंह राशि में ही गुरु और केतु की युति बनने जा रही है. ऐसे में इस राशि के जातकों के लिए यह गोचर खास माना जा रहा है. ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, इस दौरान आय के नए स्रोत बनने और आर्थिक स्थिति मजबूत होने के अवसर मिल सकते हैं. कारोबार से जुड़े लोगों को नई योजनाओं पर काम करने का मौका मिल सकता है. वहीं, संपत्ति से जुड़े पुराने विवादों को सुलझाने की दिशा में भी प्रगति होने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि, आर्थिक मामलों में कोई भी बड़ा फैसला सोच-समझकर लेना बेहतर रहेगा.
कन्या राशि
कन्या राशि के जातकों के लिए गुरु-केतु की युति रुके हुए कार्यों को आगे बढ़ाने के अवसर लेकर आ सकती है. जो लोग लंबे समय से किसी काम के पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं, उन्हें राहत मिल सकती है. कारोबारियों के लिए नई योजनाएं बनाने और कामकाज को आगे बढ़ाने का समय अनुकूल रह सकता है. नौकरी करने वाले लोगों को भी अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से निभाने और नए अवसर तलाशने का मौका मिल सकता है. आर्थिक मामलों में योजना बनाकर आगे बढ़ना फायदेमंद रहेगा.
धनु राशि
धनु राशि के जातकों के लिए गुरु-केतु की युति करियर और शिक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है. जो लोग नौकरी बदलने की योजना बना रहे हैं, उन्हें बेहतर अवसर मिल सकते हैं. वहीं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को अपनी मेहनत का अच्छा परिणाम मिलने की उम्मीद हो सकती है. इस दौरान नई चीजें सीखने और अपने कौशल को बेहतर बनाने पर ध्यान देना भी फायदेमंद रहेगा. नौकरी और पढ़ाई से जुड़े फैसले लेते समय जल्दबाजी से बचें और अपनी तैयारी पर भरोसा रखें.
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है.

सना चौधरी
सना यूपी के गाजियाबाद की रहने वाली हैं. सना ने हाईटेक इंस्टीट्यूट से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है. पढ़ाई के साथ-साथ कंटेंट ऑप्टिमाईजेशन और वीडियो एडिटिंग भी सीखा है. जिसके बाद सना ने अलग-अलग जगहों पर डिजिटल कॉन्टेंट राइटर और वीडियो एडिटर के तौर पर काम किया. इससे पहले सना Zee मीडिया में बतौर वीडियो और कंटेंट एडिटर काम कर चुकी हैं. उन्होंने जी न्यूज में सोशल मीडिया पेज मैनेज किया है. Zee के बाद सना ने टीवी9 भारतवर्ष की वेबसाइट TV9hindi.com में बतौर ट्रेनी ज्वाइन किया. सना को न्यूज़ एंकरिंग का भी शौक है.
Read More