गुरुग्राम में लेडी बाइकर शिवानी चौहान उर्फ सिया को कार से टक्कर मारने के आरोपी कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार किया गया है।

 Gurugram Hit and Run Case Accused Arrested

गुरुग्राम में लेडी बाइकर को टक्कर मारने का आरोपी कल्याण बैंसला राजस्थान से गिरफ्तार व महिला बाइक राइडर।

  • Published: 15 Sep 2026, 12:37 PM IST
  • Last Updated: 15 Sep 2026, 04:42 PM IST

गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में लेडी बाइक राइडर शिवानी चौहान उर्फ 'सिया' को तेज रफ्तार कार से टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी कल्याण बैंसला को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के बाद आरोपी फरार चल रहा था। गुरुग्राम पुलिस ने राजस्थान के दौसा जिले में घेराबंदी कर उसे पकड़ा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफआईआर में BNS 109 यानी हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ दी है।

सिया को टक्कर मारने के बाद फरार हुआ था आरोपी
शुरुआत में गुरुग्राम के सेक्टर-56 थाने में आरोपी के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में BNS 281 और गंभीर चोट पहुंचाने के आरोप में BNS 125 के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और घटना की गंभीरता सामने आने के बाद पुलिस ने केस में BNS 109 भी जोड़ी है।

पुलिस के अनुसार, कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा जिले से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब आरोपी से घटना और उसके बाद फरार होने को लेकर पूछताछ कर रही है।

आरोपी को पनाह देने के आरोप में दो साथी हिरासत में
पुलिस ने कल्याण बैंसला को कथित तौर पर फरार होने में मदद करने वाले उसके दो साथियों निंदर और प्रमोद को भी हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसे के बाद आरोपी कहां-कहां रहा और उसे फरार होने में किसने मदद की।

सिया ने वीडियो जारी कर आरोपी के दावे पर उठाए सवाल
हादसे में घायल हुई दिल्ली निवासी बाइक राइडर सिया ने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर घटना को लेकर अपना पक्ष रखा है। सिया ने आरोपी के उस कथित दावे पर सवाल उठाया, जिसमें बाइकर्स द्वारा उसे उकसाए जाने की बात कही जा रही है।

सिया का कहना है कि अगर आरोपी की ओर से जानबूझकर कुछ गलत नहीं किया गया था, तो टक्कर के बाद उसने गाड़ी रोककर उनकी मदद क्यों नहीं की और मौके से क्यों चला गया। उन्होंने कहा कि हादसे में उनकी जान भी जा सकती थी।

सिया ने इस घटना को दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर महिलाओं और बाइक राइडर्स की सुरक्षा से भी जोड़ते हुए चिंता जताई है।

कौन हैं लेडी बाइकर शिवानी चौहान उर्फ सिया?
शिवानी चौहान उर्फ सिया दिल्ली की रहने वाली हैं और पेशे से फैशन डिजाइनर हैं। वह सोशल मीडिया पर 'रेबलव्हील्स सिया' नाम से बाइकिंग कंटेंट के लिए जानी जाती हैं। सिया के पिता रोशन चौहान भी राजनीति से जुड़े रहे हैं।

सिया साल 2022 में दिल्ली के कालकाजी इलाके से एमसीडी चुनाव भी लड़ चुकी हैं।

कौन है आरोपी कल्याण बैंसला?
पुलिस के अनुसार, 32 वर्षीय कल्याण बैंसला हरियाणा के पलवल जिले के टीकरी गुर्जर गांव का रहने वाला है। वह किसान परिवार से ताल्लुक रखता है। कल्याण के राज्य स्तर पर कबड्डी खिलाड़ी रहने की भी जानकारी सामने आई है।

उसने पलवल में 'KBT' नाम से जिम शुरू किया था, लेकिन किराया बकाया होने के कारण जिम फिलहाल सील बताया जा रहा है।

जिस कार से सिया को टक्कर मारी गई, वह आरोपी के दोस्त मनीष की बताई जा रही है। मनीष भारतीय सेना में तैनात हैं। जानकारी के मुताबिक कल्याण ने हादसे से करीब दो दिन पहले अपने दोस्त से यह कार मांगी थी।

परिवार ने हादसे को बताया सड़क दुर्घटना
कल्याण बैंसला के परिवार ने घटना को महज एक सड़क दुर्घटना बताया है। परिजनों का आरोप है कि सिया ने सोशल मीडिया फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए मामले को ज्यादा तूल दिया।

वहीं, सिया के पिता रोशन चौहान ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गुरुग्राम पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस मामले से जुड़े वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों की जानकारी और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।