
घटनास्थल पर मौजूद ग्वालियर पुलिस के जवान.
Gwalior News: ग्वालियर जिले के कंपू थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की का शव केसर पहाड़िया मार्ग की झाड़ियों में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ. रविवार रात से लापता किशोरी का मोबाइल अचानक बंद हो गया था. सोमवार सुबह उसका शव मिला. मृतका के गले पर कसने के निशान मिले हैं, जिससे पुलिस हत्या की आशंका जता रही है. परिजनों ने मृतका के प्रेमी ईशान खान पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका नया बाजार स्थित एक साड़ी दुकान में काम करती थी. रोज की तरह उसने 9 बजे के करीब उसने अपनी मां को फोन कर जल्द घर लौटने की बात कही थी, लेकिन इसके 10 मिनट बाद ही उसका फोन स्विच ऑफ हो गया. जब वह देर रात तक घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने कंपू थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस और परिजनों ने रातभर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.
ये भी पढ़ें- Gwalior Crime News: बॉयकट बाल, पहनावा और नौकरी बनी दुश्मन पिता ने भाई संग मिलकर बेटी की गला दबाकर की हत्या
अगली सुबह करीब 9 बजे पुलिस को केसर पहाड़िया रोड पर झाड़ियों में एक शव पड़े होने की सूचना मिली. मौके पर पहुंची पुलिस और परिजनों ने शव की पहचान की. घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए. शव पर चोट और गले पर दबाव के निशान पाए गए हैं.
परिजन ने महलगांव निवासी ईशान खान पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है. परिजनों के अनुसार, दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग था, लेकिन पिछले कुछ महीनों से ईशान उसे परेशान कर रहा था. मृतका के मामा ने दावा किया कि भांजी ने अपनी मां को पहले ही आगाह किया था कि यदि उसके साथ कुछ होता है तो ईशान ही जिम्मेदार होगा.
ये भी पढे़ं- मां, ये लोग मुझे मार डालेंगे मदद मांगती रही कल्पना, कुछ घंटे बाद जच्चा-बच्चा की मौत; रीवा के अस्पताल का Video
दुकान में साथ काम करने वाली लड़कियों के मुताबिक, घटना वाले दिन दोपहर में ईशान ने फोन पर किशोरी को धमकी दी थी. कंपू थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा. फिलहाल पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड, लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश और मामले की जांच में जुटी है.

शिव चौबे
शिव चौबे को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एक दशक का अनुभव है. शिव ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से संस्कृत विषय में शिक्षा प्राप्त की, जिसके बाद उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक अखबार से की. इसके बाद वर्ष 2019 में वे ETV भारत से बतौर संवाददाता जुड़े, जहां ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट और शिक्षा से जुड़ी उनकी कई महत्वपूर्ण रिपोर्टों ने राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा बटोरी. वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने जान जोखिम में डालकर जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की और व्यवस्थाओं की कमियों को उजागर किया. उनकी रिपोर्ट्स के बाद जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार को कई महत्वपूर्ण निर्णय लेने पड़े. वर्ष 2021 में शिव चौबे ने TV9 भारतवर्ष में जिला रिपोर्टर के रूप में नई भूमिका की शुरुआत की. इसके बाद वर्ष 2023 में वे PTI (Press Trust of India) से जुड़े. यहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण खोजी रिपोर्टें कीं, जिनमें सिवनी जिले का चर्चित सर्पदंश घोटाला, नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय से जुड़ा गोबर घोटाला तथा स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कई घोटाले शामिल है. इसके अलावा उन्होंने CAA के दौरान लगे कर्फ्यू, बरगी क्रूज हादसे और अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं की जमीनी रिपोर्टिंग कर अपनी अलग पहचान बनाई. निष्पक्ष, जनसरोकारों से जुड़ी और खोजी पत्रकारिता के लिए शिव चौबे को विशेष रूप से जाना जाता है.
Read More