पूरे हरियाणा में मानसून सक्रिय है। एक तरफ सोनीपत में तेज बारिश के बाद ककरोई चौक सहित कई इलाकों में भारी जलभराव हुआ। तो वहीं गुरुग्राम में ठंडी हवाओं और बादलों से मौसम सुहावना बना।
हरियाणा में मौसम विभाग का 7 जिलों में यलो अलर्ट जारी।
- Published: 05 Aug 2026, 10:35 AM IST
- Last Updated: 05 Aug 2026, 10:35 AM IST
Haryana Weather: हरियाणा में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। बुधवार को भी पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना जताई गई है। सुबह-सुबह सोनीपत में तेज बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। वहीं गुरुग्राम में बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने प्रदेश के सात जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के अनुसार पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और पानीपत में बुधवार को हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है।
सोनीपत में बारिश के बाद जलभराव
सोनीपत में सुबह हुई तेज बारिश के बाद ककरोई चौक सहित कई इलाकों में जलभराव हो गया। सड़कें पानी से भरने के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मंगलवार को भी दिनभर हुई बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली थी।
यमुनानगर में पथराला नदी का तटबंध टूटा
यमुनानगर के रायपुर गांव के पास पथराला नदी का तटबंध टूटने से नदी का पानी आसपास के खेतों में फैल गया। तरुवाला, रायपुर, बलौली, याकूबपुर और ऊर्जनी समेत कई गांवों की सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो गई है। इससे किसानों की फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका है।
जानकारी के अनुसार पथराला नदी में फिलहाल करीब 5,700 क्यूसेक पानी बह रहा है, जबकि 5,000 क्यूसेक से अधिक जलप्रवाह होने पर बाढ़ जैसी स्थिति मानी जाती है। तटबंध टूटने के बाद प्रशासन और सिंचाई विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर हालात पर नजर रखे हुए हैं।
हथिनीकुंड बैराज से दिल्ली की ओर छोड़ा गया पानी
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कैचमेंट एरिया में हुई भारी बारिश के कारण यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया है। यमुनानगर स्थित हथिनीकुंड बैराज पर मंगलवार को जलप्रवाह 79,620 क्यूसेक तक पहुंच गया। इसके बाद बैराज के 18 में से 15 गेट खोलकर 63,110 क्यूसेक पानी दिल्ली की ओर छोड़ा गया। यह पानी अगले 48 घंटे में दिल्ली पहुंचने की संभावना है।
सामान्य से 30% कम बरसात
पिछले 24 घंटे में हरियाणा में औसतन 9.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा अंबाला में 94.6 मिमी रिकॉर्ड हुई।
हालांकि, 1 जून से 4 अगस्त तक प्रदेश में सामान्य से 30 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इस अवधि में जहां औसतन 227.5 मिमी वर्षा होनी चाहिए थी, वहीं अब तक केवल 158.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
बारिश से तापमान में बड़ी गिरावट
लगातार बारिश और घने बादलों के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 4.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। सबसे अधिक अधिकतम तापमान सिरसा में 35.0°C रहा। इसके अलावा फरीदाबाद में 33.8°C, रोहतक में 31.6°C, हिसार में 30.5°C और अंबाला में 29.5°C तापमान दर्ज किया गया।
वहीं न्यूनतम तापमान में भी हल्की गिरावट देखने को मिली। सबसे कम न्यूनतम तापमान नारनौल में 24.0°C रिकॉर्ड किया गया। अंबाला में 24.4°C, भिवानी में 25.0°C, गुरुग्राम में 26.8°C, हिसार में 26.9°C और करनाल में 27.3°C तापमान दर्ज हुआ। मानसूनी हवाओं के चलते रात का मौसम भी सुहावना बना हुआ है।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।