दिल्ली के मालवीय नगर के हौज रानी इलाके में होटल में लगी भीषण आग के मामले में जेल में बंद होटल मालिक लोकेश बजाज की अंतरिम जमानत याचिका पर मंगलवार को दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. सुनवाई के दौरान कोर्ट ने आरोपी की स्वास्थ्य स्थिति को गंभीरता से लेते हुए राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल से विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट तलब की है.

जस्टिस मनोज जैन ने यह आदेश लोकेश बजाज की ओर से दाखिल अंतरिम जमानत याचिका पर दिया. इसमें स्वास्थ्य का हवाला देते हुए चार सप्ताह की अंतरिम जमानत की मांग की गई थी. याचिका में दावा किया गया था कि जेल में बंद लोकेश बजाज आंतों में रुकावट (intestinal obstruction) की समस्या से जूझ रहे हैं और उनकी हालत गंभीर है.

24 अगस्त से RML अस्पताल में भर्ती

सुनवाई के दौरान कोर्ट के सामने यह जानकारी रखी गई कि लोकेश बजाज को 24 अगस्त से RML अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इसके बाद कोर्ट ने RML अस्पताल से उनकी मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति, इलाज और मेडिकल से जुड़ी व्यापक रिपोर्ट पेश करने को कहा. मामले की अगली सुनवाई बुधवार को होगी, जहां कोर्ट रिपोर्ट के आधार पर अंतरिम जमानत पर विचार करेगा.

3 जून को लगी थी आग, 23 लोगों की मौत

लोकेश बजाज के हौज रानी स्थित पांच मंजिला ‘Flourish Stay’ B&B में 3 जून को भीषण आग की घटना हुई थी. इस अग्निकांड में 23 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 24 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे. लोकेश बजाज आग की घटना के मामले में आरोपी हैं.इससे पहले 3 सितंबर को ट्रायल कोर्ट ने उनकी 4 सप्ताह की अंतरिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी.

ट्रायल कोर्ट ने कहा था कि आरोपी को हिरासत में रहते हुए पर्याप्त विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा मिल रही है और जिस मेडिकल आपात स्थिति का हवाला दिया गया था, उसका RML अस्पताल में सर्जरी के जरिए इलाज किया जा चुका है.अब दिल्ली हाईकोर्ट ने RML से नई विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट तलब की है. रिपोर्ट के आधार पर बजाज की अंतरिम जमानत याचिका पर आगे फैसला हो सकता है.

जीतेन्द्र भाटी

जीतेन्द्र भाटी

करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पॉलिटिक्स, क्राइम, सामाजिक और मानवीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग. BAG Films की नर्सरी से IBN7, आज़ाद न्यूज़, प्रज्ञा TV, 4 रियल न्यूज, Focus News और न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया होते हुए देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में खबरों के बीच सफर जारी.

Read More

google button