यमुनानगर में नशीली दवाइयों की तस्करी के खिलाफ हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) ने एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाई कीं। जगाधरी और कलानौर में दबिश देकर टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जगाधरी में स्थानीय तस्कर से 840 प्रतिबंधित कै
.
वहीं, कलानौर में उत्तर प्रदेश के तस्कर से करीब 6 किलो यानी 10,800 प्रतिबंधित कैप्सूल और 1,800 प्रतिबंधित टेबलेट मिलीं। पूछताछ में सामने आए लिंक के आधार पर टीम ने सहारनपुर के बेहट से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया। इससे नशीली दवाइयों की सप्लाई का नेटवर्क उत्तर प्रदेश से हरियाणा तक फैला होने का खुलासा हुआ है। आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
टीम ने रेलवे पुल के पास पकड़ा
HSNCB यूनिट यमुनानगर के प्रभारी इंस्पेक्टर मेहरुफ अली ने बताया कि टीम को जगाधरी में नशीली दवाइयों की सप्लाई की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने रेलवे पुल अंडरब्रिज, कैंप चौक के पास कार्रवाई की। यहां जगाधरी निवासी महेंद्र पुत्र राम बरन को पकड़कर तलाशी ली गई। उसके कब्जे से 840 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद हुए, जिनका वजन 464.1 ग्राम था।
तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ली है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पुलिस अब उससे नशीली दवाइयों की खरीद और सप्लाई के स्रोत के बारे में पूछताछ कर रही है।

पुलिस की गिरफ्त में नशा तस्करी का आरोपी।
कलानौर में नाकाबंदी के दौरान पकड़ा आरोपी
दूसरी कार्रवाई में SI मतलूब हुसैन के नेतृत्व में HSNCB टीम ने गांव कलानौर स्थित महाराजा रिजॉर्ट के पास नाकाबंदी की। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी दिलशाद पुत्र सलीम को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से नशीली दवाइयों की बड़ी खेप बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 10 हजार 800 प्रतिबंधित कैप्सूल, जिनका वजन करीब 6 किलो था, और 1 हजार 800 प्रतिबंधित टेबलेट बरामद हुईं। नशीली दवाइयों की सप्लाई में इस्तेमाल की जा रही इलेक्ट्रिक स्कूटी भी पुलिस ने जब्त की है। इस मामले में थाना सदर यमुनानगर पुलिस ने केस दर्ज किया है।
पूछताछ में खुला लिंक, सहारनपुर से दूसरा आरोपी दबोचा
दिलशाद से पूछताछ के दौरान पुलिस को नशीली दवाइयों की सप्लाई से जुड़े एक अन्य व्यक्ति के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद HSNCB टीम ने उत्तर प्रदेश के बेहट में कार्रवाई कर अनिवेश मित्तल उर्फ राजन निवासी गांव यूसुफपुर उर्फ उसंड, थाना बेहट, जिला सहारनपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।
HSNCB यूनिट यमुनानगर के प्रभारी इंस्पेक्टर मेहरुफ अली के मुताबिक पूछताछ में सामने आया है कि नशीली दवाइयों की सप्लाई का नेटवर्क उत्तर प्रदेश से हरियाणा तक फैला हुआ है। अब जांच का फोकस इस नेटवर्क के मुख्य सप्लायर, दवाइयों की खरीद के स्रोत और हरियाणा में इन्हें खपाने वाले लोगों तक पहुंचने पर है।