Hunkkaar Trailer: अनीत पड्डा और फातिमा सना शेख की वेब सीरीज ‘हुंकार’ लगातार चर्चा में बनी हुई है. अनीत के फैंस सीरीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. सैय्यारा फिल्म में अपनी एक्टिंग का जादू चलाने के बाद अब हर कोई अनीत को इस अलग रोल में देखने के लिए उत्सुक है. सीरीज का टीजर पहले ही रिलीज हो चुका है, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद भी किया. वहीं, अब 10 सितंबर को ‘हुंकार’ का ट्रेलर भी रिलीज हो गया है. ट्रेलर में एक युवा लड़की की कहानी दिखाई गई है, जो एक ताकतवर आध्यात्मिक गुरु के खिलाफ आवाज उठाती है और उस पर मारपीट और यौन शोषण के आरोप लगाती है.

इस ड्रामा में मोहम्मद जीशान अय्यूब, अर्जुन माथुर, रघुबीर यादव और राम कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. वहीं, फातिमा सना शेख भी काफी दमदार रोल में नजर आ रही हैं, जो अनीत यानी मीनू के साथ खड़ी हैं. चलिए जान लेते हैं “हुंकार” का ट्रेलर कैसा है?

ये भी पढ़ें: किरण राज पर शेर ने किया हमला? एक्टर ने बताया वायरल वीडियो का सच

कितना दमदार है हुंकार ट्रेलर?

ट्रेलर की शुरुआत अनीत पड्डा के किरदार मीनू से होती है, जो पुलिस स्टेशन पहुंचकर एक प्रभावशाली आध्यात्मिक गुरु बापजी (रघुबीर यादव) के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाती है. इसके बाद कहानी दिखाती है कि ऐसे मामलों में अक्सर पीड़िता से ही सवाल किए जाते हैं. मीनू के कैरेक्टर और उसके सीधे और बेबाक अंदाज पर भी सवाल उठाए जाते हैं. यहां तक कि उसके पिता भी उसकी नीयत पर सवाल करने लगते हैं, क्योंकि मीनू उस तरह का व्यवहार नहीं करती, जैसा समाज अक्सर किसी पीड़िता से उम्मीद करता है.

वहीं, ACP जसलीन सिंह सोनी का किरदार निभा रहीं फातिमा सना शेख इस पूरे मामले की तह तक जाने की कोशिश करती हैं और बापजी के खिलाफ खड़ी होती हैं. लेकिन बापजी के प्रभाव और उसके साथ खड़े लोगों की वजह से जसलीन को भी धमकियों और दबाव का सामना करना पड़ता है.

मोहम्मद जीशान अय्यूब सीरीज में उस वकील की भूमिका निभा रहे हैं, जो पूरे देश में मीनू पर विश्वास करने वाला इकलौता वकील है. वहीं राम कपूर बापजी के वकील बने हैं और उसका बचाव करते नजर आएंगे. अर्जुन माथुर एक टीवी पत्रकार का किरदार निभा रहे हैं, जो मीनू के लगाए आरोपों की पड़ताल करता है. यानी कुल मिलाकर कहें तो अनीत का किरदार काफी प्रभावशाली लग रहा है. ट्रेलर दमदार है, ऐसे में सीरीज देखने की उत्सुकता और बढ़ गई है.

कब रिलीज होगी ‘हुंकार’

ट्रेलर आ गया है अब सीरीज का इंतजार है. अनीत और फातिमा की ये वेब सीरीज 25 सितंबर को जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी. सीरीज को बिरला स्टूडियोज और अप्लॉज एंटरटेनमेंट ने पर्पल पेबल पिक्चर्स के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है. प्रियंका चोपड़ा जोनस इस शो की एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं.

कहकशा परवीन

कहकशा परवीन

टीवी 9 डिजिटल हिंदी में बतौर सब एडिटर काम कर रहीं कहकशा परवीन को मीडिया इंडस्ट्री में 6 साल का अनुभव है. इन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया है और इलेक्ट्रोनिक मीडिया एंड टीवी प्रोडक्शन में डिप्लोमा किया है. कहकशा ने अपने करियर की शुरुआत बतौर रिपोर्टर की थी. इसके बाद नवोदया टाइम्स में मनोरंजन सेक्शन में कंटेंट लिखना और सेलिब्रेटिजी के इंटरव्यू लेती रही हैं. एबीपी नेटवर्क में भी कहकशा बतौर सब एडिटर मनोरंज की खबरें लिखती रही हैं. इन्हें ट्रैवल, फैशन, लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट में लिखने और पढ़ने का शौक है.

Read More

google button