भारतीय वायु सेना अपनी ताकत और तकनीकी क्षमताओं को बढ़ाने के लिए लगभग 60 आधुनिकीकरण कार्यक्रमों पर काम कर रही है. इन प्रोजेक्ट्स के लिए, वायु सेना DRDO और घरेलू प्राइवेट डिफेंस कंपनियों के साथ मिलकर काम कर रही है. इन कार्यक्रमों में एडवांस्ड रडार, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम, एवियोनिक्स, कम्युनिकेशन नेटवर्क, आधुनिक हथियार और एयरोस्पेस टेक्नोलॉजी का विकास शामिल होगा.
इन प्रोजेक्ट्स से देश के भीतर ₹21,000 करोड़ से ज्यादा का डिफेंस बिजनेस मिलने की उम्मीद है. खास बात यह है कि इन पहलों में प्राइवेट कंपनियों की भागीदारी बढ़ाई जा रही है. हथियारों और मिलिट्री टेक्नोलॉजी के डिजाइन, विकास और निर्माण में प्राइवेट सेक्टर की कंपनियां अहम भूमिका निभाएंगी. इससे भारत की स्वदेशी डिफेंस टेक्नोलॉजी और उत्पादन क्षमताएं मजबूत होंगी.
इस पहल का एक मुख्य मकसद विदेशी हथियारों और टेक्नोलॉजी पर निर्भरता कम करना है. साथ ही, घरेलू डिफेंस इंडस्ट्री और स्वदेशी टेक्नोलॉजी के पूरे इकोसिस्टम को बढ़ावा मिलेगा. ये प्रोजेक्ट्स भारतीय वायु सेना की ऑपरेशनल क्षमताओं और तैयारी को बेहतर बनाएंगे. इसके अलावा, यह पहल ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को और मजबूत करेगी.
Su-30MKI बेड़े स्वदेशी तकनीक से होंगे अपग्रेड
वहीं, भारत के छठी पीढ़ी के फाइटर जेट प्रोजेक्ट में शामिल होने की घोषणा के साथ ही, भारतीय वायु सेना में रूसी Su-57 स्टील्थ फाइटर के लिए रास्ते लगभग बंद हो गए हैं. भारत के रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने साफ किया है कि नई दिल्ली ने सुखोई के किसी नए वैरिएंट पर विचार नहीं किया है, इसके बजाय, ‘सुपर सुखोई’ प्रोग्राम के तहत Su-30MKI बेड़े को अपग्रेड करने और स्वदेशी एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) पर ध्यान केंद्रित करने का फैसला किया गया है.
स्वदेशी पांचवीं पीढ़ी के AMCA के बनने का इंतजार
इसका मतलब है कि भारत अब पांचवीं पीढ़ी के फाइटर जेट नहीं खरीदेगा. वह स्वदेशी पांचवीं पीढ़ी के AMCA के बनने का इंतजार करेगा. AMCA के सर्विस में आने तक की कमी को पूरा करने के लिए फ्रांस से 114 राफेल जेट खरीदे जाएंगे. अब भारत फ्रांस के साथ मिलकर छठी पीढ़ी के फाइटर जेट हासिल करने की संभावना तलाशेगा.

अंजू निर्वाण
अंजू निर्वाण भारत की लीडिंग डिफेंस पत्रकारों में से एक हैं, जो राष्ट्रीय सुरक्षा और रणनीतिक मामलों पर अपनी सटीक रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जानी जाती हैं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में दो दशकों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने इंडिया टीवी, न्यूज़ 24, ज़ी न्यूज़, इंडिया न्यूज़, ईटीवी और रिपब्लिक भारत जैसे प्रमुख समाचार चैनलों में रिपोर्टर, एंकर, प्रोड्यूसर और खोजी पत्रकार के रूप में काम किया है. सितंबर 2022 से अंजू निर्वाण टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह रक्षा मामलों की कवरेज का नेतृत्व करती हैं, भारत के सैन्य आधुनिकीकरण, नौसेना की प्रगति, मिसाइल प्रणालियों और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर कवरेज करती हैं. अंजू निर्वाण ने युद्ध क्षेत्रों से रिपोर्टिंग की है, अग्रिम पंक्ति के सैन्य अभ्यासों को कवर किया है और शीर्ष रक्षा अधिकारियों के इंटरव्यू किए हैं.
Read More