तीनों भाई-बहनों की फोटो। लेफ्ट में जोबनप्रीत और राइट में बेटी जसप्रीत कौर को सांप ने डंक मारा।

लुधियाना में आंगन में सो रहे दो बच्चों को सांप डंस गया। सांप के डंक से 6 साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसका 8 साल का भाई गंभीर हालत में ICU में भर्ती है। गर्मी के कारण पूरा परिवार घर के आंगन में खाट बिछाकर सोया था।

.

डंक लगते ही लड़के ने उठकर दादी से कहा कि उसे किसी कीड़े ने काट लिया है। कुछ देर बाद बहन ने भी खुद को काटे जाने की बात कही। इसके बाद लड़की के मुंह से झाग भी निकलने लगा। तभी परिवार को पास में सांप दिखाई दिया।

परिवार दोनों को लेकर सिविल असपताल रायकोट पहुंचा जहां उन्होंने बच्ची को मृत घोषित कर दिया और बच्चे को लुधियाना सीएमसी असपताल में रेफर कर दिया। बच्चे का लुधियाना सीएमसी असप्ताल में इलाज चल रहा है।

बच्चों को सांप के काटने की पूरी कहानी सिलसिलेवार जानिए…

  • तड़के बच्चे ने दादी को जगायाः गांव बस्सियां के परिवार के अनुसार, बुधवार तड़के करीब 3 बजे जोबनप्रीत (8) को सांप ने काट लिया। वह उठकर दादी के पास गया और पैर में किसी कीड़े के काटने की बात बताई। दादी ने इसके बाद सभी घरवालों को जगा दिया। इसी दौरान जसप्रीत कौर (6) ने भी बताया कि उसे काटा गया है।
  • बच्ची की हालत तेजी से बिगड़ीः तभी जसप्रीत कौर की हालत बिगड़ने लगी। उसे सांस लेने में परेशानी हुई और वह बेहोश होकर नीचे गिर गई। इसके बाद उसके मुंह से झाग निकलने लगी और परिवार परेशान हो गया।
  • खाट के नीचे दिखाई दिया सांपः बच्चों को देखा तो डंक लगने की बात सामने आई। परिवार ने आसपास तलाश की। इसी दौरान खाट के नीचे सांप दिखाई दिया। परिवार के मुताबिक, उनकी हलचल बढ़ने पर सांप वहां से निकलकर भाग गया। हालांकि, सांप की प्रजाति की पहचान नहीं हो सकी। पड़ोसियों की मदद से दोनों को तुरंत सिविल अस्पताल रायकोट ले जाया गया।
  • डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कियाः अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने स्नेक बाइट की पुष्टि करते हुए 6 साल की जसप्रीत कौर को मृत घोषित कर दिया। वहीं 8 साल के जोबनप्रीत की हालत गंभीर होने के कारण उसे लुधियाना के CMC अस्पताल रेफर किया गया। लुधियाना के सीएमसी के डाक्टरों ने बताया कि बच्चे को अभी पिडेट्रिक वार्ड के आईसीयू में रखा गया है।

दोनों बच्चे स्कूल में पढ़ते थे

जसप्रीत कौर पहली कक्षा में पढ़ती थी, जबकि उसका भाई जोबनप्रीत सिंह तीसरी कक्षा का छात्र है। दोनों भाई-बहन परिवार के साथ रहते थे। पिता मजदूरी करते हैं। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

गर्मी के कारण आंगन में सोता था परिवार

जोबनप्रीत के पिता अमनदीप सिंह ने बताया कि गर्मी के कारण परिवार के सभी सदस्य घर के आंगन में खाट बिछाकर सोते थे। घटना वाली रात भी अमनदीप, उनकी पत्नी, मां और तीनों बच्चे आंगन में ही सो रहे थे। इसी दौरान दोनों बच्चों को सांप ने डंस लिया।