दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. कस्टम विभाग की टीम ने बैंकॉक से आए एक यात्री के पास से 2.890 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा (कैनाबिस) बरामद किया है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है.

कस्टम अधिकारियों के अनुसार, आरोपी यात्री बैंकॉक से दिल्ली पहुंचा था और एयरपोर्ट पर ग्रीन चैनल से बाहर निकलने का प्रयास कर रहा था. इसी दौरान एडवांस पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम (APIS) के जरिए की गई प्रोफाइलिंग में उसकी गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं. इसके बाद कस्टम अधिकारियों ने उसे रोककर विस्तृत जांच शुरू की.

एक्स-रे स्क्रीनिंग से पकड़ा गया तस्कर

अधिकारियों ने यात्री के सामान की एक्स-रे स्क्रीनिंग कराई. जांच के दौरान बैगेज में कुछ संदिग्ध आकृतियां दिखाई दीं, जिसके बाद बैग की गहन तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान दो वैक्यूम-सील पैकेट बरामद हुए, जिनमें हरे रंग का पदार्थ भरा हुआ था. जांच में इस पदार्थ को हाइड्रोपोनिक गांजा माना गया. बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 2.890 किलोग्राम पाया गया. कस्टम विभाग ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, बरामद हाइड्रोपोनिक गांजा, उसकी पैकिंग सामग्री और उसे छिपाने में इस्तेमाल किए गए सामान को जब्त कर लिया गया है.

अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी गिरोह से जुड़ा है या नहीं. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यह खेप भारत में किसे पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल है.

कस्टम विभाग की बड़ी कार्रवाई

कस्टम विभाग ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से होने वाली ड्रग तस्करी पर नजर रखने के लिए एयरपोर्ट पर एडवांस प्रोफाइलिंग, एक्स-रे स्क्रीनिंग और अन्य आधुनिक तकनीकों का लगातार इस्तेमाल किया जा रहा है. हाल के महीनों में आईजीआई एयरपोर्ट पर कई बड़े ड्रग्स तस्करी के मामलों का खुलासा हुआ है, जिससे यह साफ है कि तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपनाकर मादक पदार्थों की तस्करी की कोशिश कर रहे हैं. फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं.

जितेन्द्र कुमार शर्मा

जितेन्द्र कुमार शर्मा

साल 2002 से क्राइम और इन्वेस्टिगेशन रिपोर्टिंग का अनुभव। नवभारत टाइम्स, अमर उजाला, शाह टाइम्स के अलावा टीवी मीडिया में BAG Films के नामी शो सनसनी और रेड अलर्ट में काम किया। उसके बाद न्यूज 24, इंडिया टीवी में सेवाए दी और टीवी 9 भारतवर्ष के साथ सफर जारी है।

Read More

google button