नई दिल्ली में ब्रिटिश हाई कमीशन की ओर से किंग चार्ल्स तृतीय के जन्मदिन के मौके पर आयोजित किंग्स बर्थडे पार्टी का समारोह संपन्न हुआ. कार्यक्रम में भारत-ब्रिटेन के द्विपक्षीय संबंधों, व्यापारिक सहयोग और मुक्त व्यापार समझौते के जरिए निवेश की संभावनाओं को प्रमुखता दी गई. समारोह में ब्रिटेन की सरकार के तीन वरिष्ठ मंत्री डेम एंजेला ईगल, डगलस अलेक्जेंडर और जोनाथन रेनॉल्ड्स शामिल हुए.
इनके अलावा उत्तरी इंग्लैंड के आठ मेयरों और क्षेत्रीय नेताओं के साथ कारोबारी और विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया. केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह को कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था.
रिश्तों का जश्न मनाने का अवसर
भारत में ब्रिटेन की उच्चायुक्त लिंडी कैमरन ने कहा कि किंग्स बर्थडे पार्टी ब्रिटेन के सम्राट किंग चार्ल्स तृतीय और भारत-ब्रिटेन के मजबूत होते रिश्तों का जश्न मनाने का अवसर है. उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के मुद्दों पर किंग चार्ल्स की प्रतिबद्धता का भी उल्लेख किया. लिंडी कैमरन के मुताबिक, भारत-ब्रिटेन साझेदारी का दायरा लगातार बढ़ रहा है. दोनों देशों के बीच मुक्त व्यापार समझौते के लागू होने से व्यापार, निवेश और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग को नई दिशा मिली है.
ब्रिटिश हाई कमीशन के मुताबिक, मुक्त व्यापार समझौते से ब्रिटेन के विभिन्न क्षेत्रों में उन्नत विनिर्माण, स्वच्छ ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और जीवन विज्ञान जैसे क्षेत्रों में रोजगार और निवेश के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है.
लग्जरी कारें भी रहीं समारोह का हिस्सा
ब्रिटेन की कंपनियां और विश्वविद्यालय भारत के साथ दीर्घकालिक साझेदारी विकसित करने पर भी जोर दे रहे हैं. समारोह में भारतीय सोप्रानो गायिका अनुषा मेरिन ने लाइव प्रस्तुति दी. ब्रिटिश खाद्य संस्कृति, पेय पदार्थों और आधुनिक तकनीक से जुड़े उत्पादों को भी प्रदर्शित किया गया. बेंटले कॉन्टिनेंटल जीटी, एस्टन मार्टिन डीबीएक्स 707 और रेंज रोवर जैसी लग्जरी कारें भी समारोह का हिस्सा रहीं.
अलग-अलग देशों में आयोजित की जाने वाली वार्षिक परंपरा
इसके अलावा, शेफ विनीत भाटिया ने स्कॉटिश सैल्मन पर आधारित विशेष प्रस्तुति दी. विनीत भाटिया ब्रिटेन के GREAT Britain and Northern Ireland अभियान के एंबेसडर हैं. ब्रिटिश हाई कमीशन के अनुसार, किंग्स बर्थडे पार्टी ब्रिटिश दूतावासों और हाई कमीशनों की ओर से दुनिया के अलग-अलग देशों में आयोजित की जाने वाली वार्षिक परंपरा है. किंग चार्ल्स तृतीय का आधिकारिक 78वां जन्मदिन 13 जून 2026 को मनाया गया था.

शिवांग माथुर
शिवांग माथुर टीवी 9 भारतवर्ष में एसोसियेट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं.
Read More