खगड़िया में इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (IIP) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को बिहार विधानसभा में हुई कथित बदसलूकी और धमकी के विरोध में आक्रोश मार्च निकाला।

.

यह घटना पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सहरसा विधायक ई.आई.पी. गुप्ता के साथ हुई बताई जा रही है। कार्यकर्ताओं ने भाजपा विधायक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की।

आक्रोश मार्च की शुरुआत कोशी कॉलेज गेट से हुई, जो स्टेशन रोड और महावीर चौक होते हुए राजेंद्र चौक तक पहुंचा।

प्रदर्शनकारियों ने हाथों में पार्टी के झंडे और बैनर लेकर लोकतंत्र की रक्षा तथा जनप्रतिनिधियों के सम्मान की मांग की।

विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा

पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता खुशबू राय ने इस दौरान कहा कि दो दिन पूर्व बिहार विधानसभा में भाजपा के एक विधायक द्वारा ई.आई.पी. गुप्ता के साथ कथित अभद्र व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों और विधानसभा की गरिमा के विरुद्ध है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के बल पर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

खुशबू राय ने बताया कि इस घटना के विरोध में इंडियन इंक्लूसिव पार्टी बिहार के सभी जिलों में आक्रोश मार्च निकाल रही है। पार्टी दोषी विधायक के खिलाफ कार्रवाई और सार्वजनिक माफी की मांग कर रही है।

जान से मारने की धमकी दी - पूर्व विधायक प्रत्याशी

बेलदौर विधानसभा की पूर्व विधायक प्रत्याशी तनिशा भारती ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण और लोकतंत्र के लिए खतरा बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक ने कथित तौर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ई.आई.पी. गुप्ता को हमला करने और जान से मारने की धमकी दी।

भारती ने जोर देकर कहा कि एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह का व्यवहार पूरे लोकतांत्रिक तंत्र का अपमान है।

तनिशा भारती ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि संबंधित भाजपा विधायक सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं, तो इंडियन इंक्लूसिव पार्टी पूरे बिहार में अपना आंदोलन और तेज करेगी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में सभी जिलों में आक्रोश मार्च निकाला जा रहा है। इसके बाद भी यदि कार्रवाई नहीं होती है तो पार्टी कार्यकर्ता पटना में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास का घेराव करेंगे और राज्यव्यापी आंदोलन छेड़ा जाएगा।

आक्रोश मार्च के दौरान पार्टी नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति की आवाज को दबाने और विपक्षी जनप्रतिनिधियों के साथ कथित दुर्व्यवहार की घटनाएं स्वीकार नहीं की जाएंगी।

प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। इस अवसर पर पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।