जमुई सदर अस्पताल में दो प्रसूताओं की मौत के बाद जिला प्रशासन की कार्रवाई के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने बुधवार को एक दिन की हड़ताल का ऐलान किया है।

.

जिले के सभी निजी क्लीनिक और निजी अस्पताल बंद रखने का निर्णय लिया गया है। इसे लेकर आईएमए के प्रतिनिधिमंडल ने सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

डॉ. शालिनी के क्लीनिक को सील करने का विरोध

प्रसूता की मौत के बाद जिला प्रशासन ने डॉ. शालिनी के निजी क्लीनिक पर छापेमारी की थी। रजिस्ट्रेशन नहीं होने की बात सामने आने पर क्लीनिक को सील कर दिया गया था। आईएमए इसी कार्रवाई का विरोध कर रहा है।

आईएमए के जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि डॉ. शालिनी के क्लीनिक पर जिस तरीके से कार्रवाई की गई, वह उचित नहीं है।

पहले नोटिस और जुर्माने का प्रावधान होने का दावा

डॉ. राजीव रंजन प्रसाद ने दावा किया कि नए नियमों के अनुसार किसी एमबीबीएस डॉक्टर के निजी क्लीनिक के रजिस्ट्रेशन में कमी मिलने पर पहले नोटिस दिया जाना चाहिए। इसके बाद आर्थिक दंड का प्रावधान है। दो बार आर्थिक दंड के बाद भी रजिस्ट्रेशन नहीं कराने पर तीसरी बार क्लीनिक को सील करने की कार्रवाई की जाती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन ने इन प्रक्रियाओं का पालन किए बिना जल्दबाजी में क्लीनिक को सील कर दिया।

सरकारी अस्पतालों में इलाज रहेगा सामान्य

आईएमए जिलाध्यक्ष ने बताया कि कार्रवाई के विरोध में बुधवार को जिले के सभी निजी क्लीनिक बंद रहेंगे और चिकित्सक हड़ताल पर रहेंगे। हालांकि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को हड़ताल से अलग रखा गया है।

उन्होंने कहा कि लोगों को परेशानी न हो, इसलिए सदर अस्पताल समेत किसी भी सरकारी अस्पताल में चिकित्सक हड़ताल नहीं करेंगे। सरकारी अस्पतालों में मरीजों का इलाज सामान्य रूप से जारी रहेगा।

आईएमए बोला- अस्पताल की घटना से निजी क्लीनिक को जोड़ना उचित नहीं

आईएमए के चिकित्सक डॉ. ठाकुर ओमप्रकाश ने कहा कि सदर अस्पताल में हुई घटना का किसी चिकित्सक के निजी जीवन से कोई संबंध नहीं है। यदि सदर अस्पताल में किसी तरह की लापरवाही हुई है तो संबंधित चिकित्सक के खिलाफ अस्पताल स्तर पर कार्रवाई की जा सकती थी। लेकिन निजी क्लीनिक पर इस तरह की कार्रवाई उचित नहीं है।

सिविल सर्जन को सौंपा ज्ञापन

सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार सिंह ने बताया कि आईएमए की ओर से निजी क्लीनिक बंद रखने को लेकर ज्ञापन दिया गया है। चिकित्सकों ने बुधवार को एक दिन के लिए निजी क्लीनिक बंद रखने की बात कही है।