
आपस में टकराए प्रभसिमरन सिंह और निशांत सिंधु. (फोटो- SCREENSHOT/STARSPORTS)
IND A vs AUS A 1st ODI: ऑस्ट्रेलिया की ए टीम इस समय भारत के दौरे पर है, जहां ऑस्ट्रेलिया ए और इंडिया ए के बीच सबसे पहले 2 टेस्ट मैच खेले गए थे. अब तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है. पुडुचेरी के सीचेम ग्राउंड पर पहले वनडे मुकाबले में एक बड़ा हादसा टल गया. मैच के शुरुआती पलों में विकेटकीपर प्रभसिमरन सिंह और फील्डर निशांत सिंधु कैच लपकने की कोशिश में आपस में बुरी तरह टकरा गए, लेकिन राहत की खबर ये रही कि दोनों में से किसी भी खिलाड़ी को चोट नहीं लगी.
बाल-बाल बचे भारतीय खिलाड़ी
यह घटना ऑस्ट्रेलियाई पारी के पहले ही विकेट के दौरान घटी, जब तेज गेंदबाज यश ठाकुर ने ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज मिचेल ओवेन को अपनी शॉर्ट और ऑफ-स्टंप से बाहर जाती गेंद पर फंसाया. ओवेन ने गेंद पर कड़ा प्रहार करने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर हवा में पॉइंट और विकेटकीपर के बीच काफी ऊंची उठ गई. तभी विकेटकीपर प्रभसिमरन सिंह स्टंप्स के पीछे से तेजी से पॉइंट की दिशा में भागे, जहां पहले से ही निशांत सिंधु कैच पकड़ने के लिए पूरी तरह मुस्तैद खड़े थे.
दोनों में से किसी भी खिलाड़ी ने कॉल नहीं की और दोनों सीधे गेंद की ओर लपके. तभी दोनों खिलाड़ी आमने-सामने आकर भयानक टक्कर का शिकार हो गए, हालांकि प्रभसिमरन ने कैच पूरा कर लिया और दोनों बाल-बाल बच गए. इस लापरवाही से चोटिल होने के खतरे को देखते हुए निशांत सिंधु मैदान पर काफी निराश और नाराज नजर आए. इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
Yash Thakur gets the big fish! 🎣
Mitchell Owen departs as India A get their first wicket.🔥
#INDAvAUSA 👉 Streaming Live Now https://t.co/zk2ABY21JG https://t.co/ptGL7Ho9M1
— Star Sports (@StarSportsIndia) October 6, 2026
भारतीय गेंदबाजों का कहर
मैदान पर हुए इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के साथ-साथ भारतीय गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलियाई खेमे पर लगातार दबाव बनाए रखा. श ठाकुर और अरशद खान की घातक नई गेंद की गेंदबाजी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली साबित हुई. यश ठाकुर ने अपने शुरुआती स्पेल में ही मिचेल ओवेन के बाद सैम कोंस्टास को भी पवेलियन भेज दिया. वहीं, पावरप्ले खत्म होने के बाद निशांत सिंधु और सूर्यांश शेडगे ने मोर्चा संभाला और दो अहम विकेट चटकाकर ऑस्ट्रेलियाई स्कोरबोर्ड को हिला दिया. जिसके चलते ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम सिर्फ 87 रन पर ही ढेर हो गई.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More