IND vs AFG 2nd T20I: भारत और अफगानिस्तान के बीच दूसरा टी20I मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है. भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जिसके बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 8 विकेट पर 159 रनों का स्कोर बनाया है. अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जारदान ने 37 रन बनाए. जबकि राशिद खान ने 28 रनों की तूफानी पारी खेली. भारत की ओर से चोट से वापसी कर रहे नीतीश कुमार रेड्डी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए. अर्शदीप सिंह ने 2 विकेट झटके. जबकि जसप्रीत बुमराह, रवि विश्नोई और अक्षर पटेल को 1-1 सफलता मिली. अब भारत को जीत के लिए 160 रन बनाने होंगे.
पहला ओवर बुमराह ने डाला मेडन, फिर अर्शदीप ने दिया पहला झटका
भारत के खिलाफ इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की पारी का आगाज कप्तान इब्राहिम जादरान और रहमानुल्लाह गुरबाज ने किया. हालांकि अफगानिस्तान की शुरुआत खराब रही. जसप्रीत बुमराह ने पहला ओवर मेडन डाला. इसके बाद दूसरे ओवर में अर्शदीप सिंह ने गुरबाज को आउट कर दिया. गुरबाज खाता भी नहीं खोल पाए.
— BCCI (@BCCI) September 15, 2026
इब्राहिम जादरान और सेदिकुल्लाह के बीच हुई अर्धशतकीय साझेदारी
इसके बाद इब्राहिम जादरान और सेदिकुल्लाह अटल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई, जिसे नीतीश कुमार रेड्डी ने तोड़ा. उन्होंने इब्राहिम जादरान को आउट कर अफगानिस्तान को दूसरा झटका दिया. जादरान 33 गेंद पर 37 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 6 चौके शामिल रहे. इसके बाद रवि बिश्नोई ने सेदिकुल्लाह अटल को पवेलियन भेजा. सेदिकुल्लाह 15 गेंद पर 2 चौकों की मदद से 12 रन बनाकर आउट हुए.
100 रन के स्कोर पर अफगानिस्तान ने गंवा दिया था छठां विकेट
सेदिकुल्लाह के आउट होने के बाद गुलबदीन नायब भी चलते बने. उन्हें रेड्डी ने पवेलियन भेजा. गुलबदीन 8 गेंद पर 1 चौके की मदद से 10 रन बनाए. इसके बाद 100 रन के स्कोर पर अफगानिस्तान ने अपना छठां विकेट गंवा दिया था. अफगानिस्तान को पांचवा झटका उमरजई के रूप में लगा था. उमरजई 11 रन बनाकर अक्षर पटेल का शिकार बने. इसके बाद तेजी से रन बना रहे दरविश रसूली को अर्शदीप ने चलता किया. दरविश रसूली 15 गेंद पर 26 रन बनाकर आउट हुए. इस दौरान उनके बल्ले से 1 चौका और 2 छक्का निकला.
— BCCI (@BCCI) September 15, 2026
राशिद खान-मोहम्मद नबी ने अफगानिस्तान को 150 के करीब पहुंचाया
इसके बाद मोहम्मद नबी और राशिद खान ने तेजी से रन बनाए और अफगानिस्तान की पारी को 150 के करीब ले गए. लेकिन फिर 19वें ओवर में बुमराह ने नबी को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा. नबी ने 14 गेंदों पर 20 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और एक छक्का शामिल रहा. इसके बाद पारी के आखिरी ओवर की पहली गेंद पर नीतीश कुमार रेड्डी ने राशिद खान को आउट किया. राशिद खान ने 16 गेंदों पर 28 रनों की तूफानी पारी खेली और इस दौरान उनके बल्ले से 3 चौके और 1 छक्का निकला. वहीं आखिरी में नूर अहमद 7 रन और मुजीब-उर-रहमान 4 रन बनाकर नाबाद लौटे और टीम के स्कोर को 159 रनों तक पहुंचाया.
ऐसी है भारत और अफगानिस्तान की प्लेइंग 11:
अफगानिस्तान की प्लेइंग 11: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान (कप्तान), सेदिकुल्लाह अटल, गुलबदीन नायब, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, फजलहक फारूकी.
भारत की प्लेइंग 11: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, इशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह.
यह भी पढ़ें: क्रिकेट में महा-उलटफेर! टूट गया सचिन तेंदुलकर का 'असंभव' रिकॉर्ड, बैन के बाद लौटे ब्रैंडन टेलर ने रचा इतिहास