Updated: Saturday, July 11, 2026, 23:19 [IST]
IND vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टी20 में टीम इंडिया की ऐसी कुटाई हुई है, जो आने वाले कई सालों तक शायद याद रखी जाएगी। टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया और फिर मेजबान टीम ने धमाल मचा दिया।
जोस बटलर और हैरी ब्रूक ने गेंदबाजों को ऐसा मजा चखाया, जिसकी कल्पना भी शायद किसी ने नहीं की होगी। दोनों बल्लेबाजों के सामने गेंदबाज बौने साबित हुए। भारत के खिलाफ टी20 में अब तक किसी भी टीम की सबसे बड़ी भागीदारी इन दोनों ने कर डाली। दोनों ने 200 से ज्यादा रन जोड़ डाले, जो इंग्लैंड के लिए टी20 में सर्वाधिक है। सॉल्ट के रूप में पहला विकेट गिरने के बाद बटलर और ब्रूक ने मोर्चा संभाला। बटलर ने 51 गेंदों में शतक ठोक दिया।
सॉल्ट 6 रन बनाकर आउट हो गए थे, उनको प्रसिद्ध कृष्णा ने शिकार बनाया। पिछले चार मैचों एम् बटलर का बल्ला खामोश रहा था लेकिन उस कमी को एक ही मैच में उन्होंने पूरा कर दिया। ब्रूक पिछले मैच में नाबाद फिफ्टी जड़कर गए थे और आज वहीं से शुरुआत करते हुए मैदान पर गदर मचा डाला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए टी20 इतिहास की सबसे बड़ी भागीदारी कर डाली, सैमसन और तिलक वर्मा (210) पीछे रह गए।
बटलर 64 गेंदों में 131 रन बनाकर आउट हो गए, उनके बल्ले से 8 छक्के और 12 शानदार चौके देखने को मिले। ब्रूक अनलकी रहे, वह 8 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 45 गेंदों में नाबाद 95 रन बनाकर लौटे और इंग्लैंड ने 3 विकेट पर 257 का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।
जवाबी पारी में खेलते हुए टीम इंडिया की शुरुआत वैसी ही रही, जैसी अब तक इस सीरीज में देखने को मिली है। अभिषेक शर्मा सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद संजू सैमसन ने कुछ अच्छे शॉट जड़े लेकिन वह निरंतरता में इस बार भी पीछे रहे और 14 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हो गए।
दो विकेट गिरने के बाद ईशान किशन और श्रेयस अय्यर ने तीसरे विकेट के लिए तूफानी अर्धशतकीय भागीदारी की, इसी बीच श्रेयस अय्यर आउट होकर चले गए। उनको डॉसन ने 28 रनों के निजी स्कोर पर आउट कर दिया। उनके बाद ईशान किशन फिफ्टी जड़कर आउट हो गए। किशन ने 35 गेंदों का सामना करते हुए 7 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 56 रन बनाए। इस समय टीम इंडिया का स्कोर 131 रन था।
पूरी सीरीज के दौरान फ्लॉप रहे तिलक वर्मा ने इस बार अपने हाथ खोले और धुआंधार अंदाज में खेलते हुए 25 गेंदों में 53 रन बनाए लेकिन इससे कुछ होना नहीं था। अंत में टीम इंडिया 8 विकेट पर 201 रन बना पाई। इंग्लैंड ने इसके साथ सीरीज में भारत का 4-0 से सूपड़ा साफ़ कर दिया। सैम करन ने 3 विकेट झटके।