IND vs NZ: न्यूजीलैंड दौरे की कर रहा था तैयारी, अचानक कटा पत्ता, गिल का भरोसेमंद खिलाड़ी टीम इंडिया से बाहर

मानव सुथार को टीम इंडिया में नहीं मिली जगह. (फोटो- PTI)

IND vs NZ Test Series: न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए जब भारतीय टेस्ट टीम का ऐलान हुआ, तो उसमें सबसे चौंकाने वाला नाम युवा बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार का रहा, जिन्हें स्क्वॉड से ही बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है. राजस्थान के इस गेंदबाज ने इसी साल जून में अफगानिस्तान के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था और इसके तुरंत बाद श्रीलंका दौरे पर दोनों टेस्ट मैचों की प्लेइंग-11 का हिस्सा रहे थे. शानदार शुरुआत और सनसनीखेज आंकड़ों के बावजूद सुथार को 15 सदस्यीय टीम में भी जगह न मिलना फैंस को हैरान कर रहा है, खासकर तब जब वो इस अहम दौरे के लिए गंभीरता से तैयारी कर रहे थे.

3 टेस्ट में 23 विकेट, फिर भी नहीं मिली जगह

मानव सुथार ने इंटरनेशनल टेस्ट क्रिकेट में कदम रखते ही अपनी फिरकी का ऐसा जादू बिखेरा था कि वो पहली पसंद के स्पिनर के रूप में देखे जाने लगे थे. उन्होंने अपने करियर के पहले 3 टेस्ट मैचों में सिर्फ 17.35 की औसत से 23 विकेट चटकाए थे. उनके इस प्रदर्शन ने रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव जैसे दिग्गजों पर भी दबाव बना दिया था. हालांकि, टेस्ट क्रिकेट में जडेजा की शानदार बल्लेबाजी क्षमता और लोअर ऑर्डर में स्थिरता देने का हुनर टीम कॉम्बिनेशन में संतुलन बनाए रखने के लिए भारी पड़ गया.

न्यूजीलैंड की परिस्थितियां बनीं वजह

सुथार को बाहर रखने के पीछे कोई तकनीकी खामी या फॉर्म में गिरावट नहीं, बल्कि न्यूजीलैंड की खेल परिस्थितियां बड़ी वजह मानी जा रही हैं. एशियाई टीमों के खिलाफ न्यूजीलैंड आमतौर पर हरी-भरी, तेज और उछाल भरी ग्रीन टॉप पिचें तैयार करता है. ऐसी तेज गेंदबाजी के अनुकूल परिस्थितियों में भारतीय टीम शायद ही प्लेइंग-11 में एक से ज्यादा स्पिनर को जगह दे पाए. जब सिर्फ एक स्पिनर के साथ मैदान पर उतरना हो, तो टीम मैनेजमेंट अनुभवी ऑलराउंडर को प्राथमिकता देता है, जिसके चलते मानव सुथार के लिए स्क्वॉड में जगह बनाना मुश्किल हो गया. हालांकि, उन्होंने इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेलते हुए भी अपनी छाप छोड़ी थी.

न्यूजीलैंड दौरे की कर रहे थे तैयारी

हाल ही में रणजी ट्रॉफी 2026-27 के दौरान द इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत करते हुए सुथार ने न्यूजीलैंड दौरे को लेकर अपनी खास तैयारियों का खुलासा किया था. सुथार ने कहा था, ‘मैं मानसिक रूप से उन पिचों के लिए खुद को तैयार कर रहा हूं जैसी हमें न्यूजीलैंड में मिल सकती हैं. मैं यह समझने की कोशिश कर रहा हूं कि वहां मेरे लिए कौन सी लाइन और गति सबसे उपयुक्त होगी.’ उन्होंने आगे बताया था, ‘मैं वहां की पिचों के बर्ताव का अंदाजा लगाने के लिए पुराने मैचों के वीडियो देख रहा हूं. मेरा पूरा ध्यान निरंतरता बनाए रखने पर है. मैं पिच के हिसाब से बेस्ट लेंथ भांपने की कोशिश करता हूं और बल्लेबाज से लगभग 4 से 5 मीटर की दूरी पर गेंद टप्पा खिलाने की प्रैक्टिस कर रहा हूं.’ लेकिन परिस्थितियों और टीम कॉम्बिनेशन के गणित ने फिलहाल उन्हें टेस्ट टीम से दूर कर दिया है.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button