IND vs SL: कोलंबो टेस्ट जीतने पर भारत को मिलेगा 'इनाम', बस चाहिए ऑस्ट्रेलिया का भी साथ

टीम इंडिया कोलंबो में सीरीज जीतने के साथ WTC में भी छलांग लगा सकती हैImage Credit source: PTI

टेस्ट क्रिकेट में लगातार मिल रही नाकामी के बीच भारतीय क्रिकेट टीम वापसी की राहत पर लौटती हुई दिख रही है. श्रीलंका को उसके सबसे मजबूत गढ़ गॉल में पहला टेस्ट मैच हराने के बाद भारतीय टीम बेहतर नजर आ रही है. शुभमन गिल की कप्तानी वाली इस टीम के पास अब सीरीज जीतने का मौका है, जिसके लिए वो कोलंबो में दूसरा टेस्ट मैच खेलने उतरेगी. टीम इंडिया ये मैच जीतती है तो सीरीज के साथ ही उसे एक छोटा लेकिन अहम इनाम मिलेगा. बस उसे ऑस्ट्रेलिया के भी साथ की जरूरत है. ये इनाम है WTC पॉइंट्स टेबल में छलांग.

कोलंबो के साथ मैके पर भी नजर

पिछली वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने में नाकाम रही भारतीय टीम के लिए इस बार के फाइनल में पहुंचने की राह भी कठिन ही नजर आ रही है. गॉल टेस्ट में मिली जीत ने थोड़ी उम्मीदें बढ़ाई हैं लेकिन अभी भी लंबा सफर तय करना है. इसी सफर में टीम इंडिया को कोलंबो टेस्ट जीतने की जरूरत है, जहां से उसे कुछ फायदा पहुंचेगा. मगर ये फायदा तभी होगा, जब टीम कोलंबो से हजारों मील दूर मैके में ऑस्ट्रेलिया भी कुछ मदद पहुंचाए.

असल में भारत-श्रीलंका टेस्ट से एक दिन पहले ही ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच मैके में दूसरा टेस्ट मैच शुरू हो गया था. बांग्लादेश ने इस सीरीज के पहले टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया को हराकर दुनिया को चौंका दिया था. मगर बांग्लादेश ने सिर्फ हराया नहीं था बल्कि चौथे स्थान पर अपनी पकड़ को मजबूत किया था. यही कारण है कि गॉल में टीम इंडिया की जीत के बावजूद भारतीय टीम पांचवें स्थान पर ही रह गई थी.

कैसे बदलेगा WTC पॉइंट्स टेबल का गणित?

कोलंबो और मैके के नतीजों से ये स्थिति पूरी तरह बदल सकती है. टीम इंडिया अगर कोलंबो में दूसरा टेस्ट मैच जीतती है तो उसके पॉइंट पर्सेंटेज (PCT) में इजाफा हो जाएगा. टीम इंडिया फिलहाल 53.33 PCT पर है, जो 57.57 PCT हो जाएगा. वहीं अगर इसी दौरान ऑस्ट्रेलिया भी दूसरे टेस्ट में जीत जाता है तो बांग्लादेश (66.67) का PCT घटकर 55.55 हो जाएगा. ऐसे में भारतीय टीम पांचवें से चौथे और बांग्लादेश चौथे से पांचवें स्थान पर लुढ़क जाएगा.

अब नजरें इस बात पर हैं कि क्या ऑस्ट्रेलिया से मदद मिल पाएगी? मैके टेस्ट का पहला दिन जैसा गुजरा, उससे कुछ संकेत तो मिले कि शायद ऑस्ट्रेलिया दूसरा टेस्ट मैच जीत जाएगा. इस मैच के पहले ही दिन ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को सिर्फ 64 रन पर ढेर कर दिया. हालांकि जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने भी 8 विकेट खोकर सिर्फ 165 रन ही बनाए थे. मगर उसे पहली पारी में 101 रन की बढ़त मिल चुकी है, जिसमें दूसरे दिन कुछ इजाफा होने की उम्मीद है. अब बांग्लादेश यहां से वापसी कर पाता है या नहीं, ये देखने लायक होगा.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button