
किस-किस को मिलेगी स्क्वॉड में जगह? (फोटो- PTI)
India probable Test squad vs Sri Lanka: अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली बीसीसीआई सेलेक्शन कमेटी जल्द ही श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान करने वाली है. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की पॉइंट्स टेबल में फिलहाल 5वें स्थान पर मौजूद शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम के लिए यह सीरीज काफी अहम है. टीम के लिए सबसे राहत की बात स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की वापसी है, जो टेनिस एल्बो की चोट से पूरी तरह उबर चुके हैं और सेलेक्शन के लिए उपलब्ध हैं. लेकिन कुछ खिलाड़ियों पर सस्पेंस भी बना हुआ है.
किस-किस को मिलेगी स्क्वॉड में जगह?
यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल बतौर ओपनर इस स्क्वॉड में चुने जा सकते हैं. इंडिया-ए के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन को नंबर-3 पर बरकरार रखा जा सकता है. हालांकि, उनकी फिटनेस सवालों के घेरे में है, क्योंकि उन्हें चोट लगी थी. वहीं, शुभमन गिल चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए नजर आ सकते हैं, जो पिछले कुछ समय से इसी नंबर पर खेल रहे हैं.
इनके अलावा, ऋषभ पंत मेन विकेटकीपर की भूमिका में नजर आ सकते हैं और ध्रुव जुरेल रिजर्व विकेटकीपर के तौर पर टीम के साथ जा सकते हैं. देवदत्त पडिक्कल को भी स्क्वॉड में जगह मिल सकती है, हालांकि शुरुआती प्लेइंग 11 में चुना जाना उनके लिए मुश्किल होगा.
स्पिन डिपार्टमेंट मजबूत, नए चेहरों पर भी नजर
रवींद्र जडेजा की वापसी से स्पिन विभाग को काफी मजबूती मिलेगी, जहां उनका साथ कुलदीप यादव और अक्षर पटेल निभाएंगे. वॉशिंगटन सुंदर की चोट को देखते हुए सेलेक्टर्स मध्य प्रदेश के 33 साल के ऑफ-स्पिनर सारांश जैन के नाम पर विचार कर रहे हैं, जिन्होंने 54 फर्स्ट क्लास मैचों में 188 विकेट चटकाए हैं. इसके अलावा, अपने टेस्ट डेब्यू में प्रभावित करने वाले बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुतार भी टीम में जगह बरकरार रख सकते हैं. तेज गेंदबाजी में श्रीलंका-ए के खिलाफ 10 विकेट झटकने वाले गुरनूर ब्रार को बड़ा मौका मिल सकता है. वहीं, जसप्रीत बुमराह का खेलना उनकी आखिरी फिटनेस रिपोर्ट पर निर्भर करेगा.
श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए भारत की संभावित टीम
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, सारांश जैन, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, मानव सुतार, गुरनूर बराड़.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More